सिडकुल की स्थापना के लिए बनबसा के फागपुर में 30 हेक्टेयर भूमि चिह्नित
राजस्व, उद्योग, वन एवं सिंचाई विभाग के अलावा सिडकुल की टीम ने संयुक्त रूप से प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया
देवभूमि टुडे
चंपावत। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन में टनकपुर क्षेत्र में SIDCUL (उत्तराखंड राज्य अवसरंचना एवं औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड) की स्थापना के लिए जमीन चिह्नित करने की कवायद शुरू कर दी गई है। वर्ष 2017 में SIDCUL की इकाई खोलने की स्थापना हुई थी, लेकिन 9 साल से अधिक बीतने के बावजूद जमीन भी फायनल नहीं हो सकी है। अलबत्ता अब DM मनीष कुमार के निर्देश पर आज 21 अगस्त को राजस्व, उद्योग, वन एवं सिंचाई विभाग के अलावा सिडकुल की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। बनबसा के अंतर्गत फागपुर बीट संख्या 15 एवं 16 के अंतर्गत लगभग 30 हेक्टेयर भूमि को सिडकुल की स्थापना के लिए चिह्नित किया गया।


उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार के मुताबिक प्रस्तावित भूमि का अधिकांश भू-भाग खुला हुआ है और यहां पेड़ों की संख्या और उनका घनत्व भी न्यूनतम है। ये परिस्थितियां औद्योगिक विकास की दृष्टि से अनुकूल हैं। बताया कि भूमि चिन्हीकरण की रिपोर्ट DM को भेजने के बाद अन्य जरूरी कार्यवाही की जाएगी। संयुक्त टीम में एसडीएम प्रमोद कुमार, जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक सुमेधा पंत, उप प्रभागीय वनाधिकारी संचिता वर्मा, सिडकुल पंतनगर के कनिष्ठ अभियंता मुकेश मंडल और सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनोज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.