नवयोग सूर्योदय सेवा समिति और CCRYN का 3 दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा महाकुंभ
योग और प्राकृतिक चिकित्सा से निरोगी भारत का संकल्प अभियान
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योग और प्राकृतिक चिकित्सा का लाभ:सांसद दिनेश आर्य
डॉ. पवन कुमार चौहान को 'राष्ट्रीय नवयोग गौरव सम्मान देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। भागदौड़ भरी जिंदगी, मोबाइल फोन की जरूरत या उससे ज्यादा लत और बिगड़ती दिनचर्या के बीच सेहत का रास्ता प्रकृति से होकर ही गुजरता है। इसी संदेश के साथ टनकपुर में 3 दिवसीय 9वें प्राकृतिक चिकित्सा महाकुंभ एवं अंतरराष्ट्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संगोष्ठी का आगाज हुआ। केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद (CCRYN), आयुष मंत्रालय और नवयोग सूर्योदय सेवा समिति के तत्वावधान में चल रहे इस कार्यक्रम का मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। कहा कि योग और प्राकृतिक चिकित्सा भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा के अहम अंग हैं। इनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जन भागीदारी, अनुसंधान और प्रचार-प्रसार जरूरी है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में सराहनीय पहल बताया।








योगाचार्य डॉ. नवदीप जोशी ने महाकुंभ की आठ वर्षों की यात्रा और नवयोग ग्राम की गतिविधियों की जानकारी दी। कहा कि प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली अपनाकर ही व्यक्ति और समाज को निरोगी बनाया जा सकता है। मुख्य वक्ता आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. अशोक वार्ष्णेय ने योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के समन्वय पर जोर देते हुए संयमित दिनचर्या और भारतीय जीवन मूल्य अपनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी सदस्य डॉ. दिनेश ने कहा कि स्वास्थ्य केवल रोगमुक्ति नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक संतुलन का नाम है। अध्यक्षता कर रहे समिति के संरक्षक डॉ. देवीदत्त जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सेवा कार्यों को और व्यापक बनाने का संकल्प दोहराया।
इस मौके पर राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान के योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा समन्वयक डॉ. पवन कुमार चौहान को उनके योगदान के लिए 'राष्ट्रीय नवयोग गौरव सम्मान' से सम्मानित किया गया। संचालन योगाचार्य प्रतीक मौर्य और योगाचार्या काजल ने किया। न्यूरोथेरेपिस्ट नवजीत जोशी ने आभार जताया। आज और कल 18 नवंबर को योग, स्वास्थ्य जागरूकता और भारतीय चिकित्सा परंपरा से जुड़े विषयों पर विभिन्न सत्र होंगे।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास प्रमुख देवेंद्र, दर्जा राज्य मंत्री किरण देवी, योगाचार्य मंजरी, डॉ. नवनीत, डॉ. तस्वीर, योगाचार्य भावना समेत अनेक प्राकृतिक चिकित्सक, योग विशेषज्ञ, शोधकर्ताओं ने मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.