शहीद दीपक सिंह की इच्छा की पिता शिवराज सिंह द्वारा जानकारी देने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने जताई इच्छा
शहीद दीपक सिंह की स्मृति में एक स्मृति गेट बनाएगा जिला पंचायत
देवभूमि टुडे
चंपावत/भिंगराड़ा। पाटी विकासखंड के खरही गांव के अग्निवीर जवान दीपक सिंह की तमन्ना थी कि जब अगली बार छुट्टी में आने पर वह मकान में नई छत डलवाएगा। गोली लगने से मौत के बाद उनका ये सपना तो अब कभी पूरा नहीं हो पाएगा, लेकिन उनके सपने को पूरा करेंगे चंपावत जिला पंचायत के अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी। वे निजी खर्च पर अग्रिवीर दीपक सिंह के मकान की छत डलवाएंगे।
पाटी विकासखंड के खरही गांव के 21 साल के दीपक सिंह पुत्र शिवराज सिंह जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में एलओसी (नियंत्रण रेखा) के पास सेना की अग्रिम चौकी में तैनात थे। 22 नवंबर को दोपहर करीब ढाई बजे संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से दीपक सिंह की मौत हो गई थी और कल 24 नवंबर को सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार भी हो गया। इस वाकये से समूचा क्षेत्र गमगीन है।



आज मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने अग्रिवीर दीपक सिंह के घर जाकर परिजनों को ढांढस बंधाया। बात-बात में पिता शिवराज सिंह ने बताया कि पिछली बार छुट्टी पूरी करने के बाद देश सेवा के लिए जा रहे बेटे दीपक ने दुबारा छुट्टी में घर आने पर मकान की छत बदलवाने को कहा था। इस संवाद से भावुक हुए माहौल के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष अधिकारी ने कहा कि वे भी बेटे समान हैं और दीपक के मकान में छत डालने के सपने को वे पूरा करेंगे। इस काम को निजी स्तर पर किया जाएगा।
वहीं क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा और पूर्व जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा के आग्रह पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने पंचायत के खर्च पर शहीद दीपक सिंह की स्मृति में एक स्मृति गेट बनाने का ऐलान किया।
© 2025. All Rights Reserved.