Wednesday Feb 4, 2026

जम्मू कश्मीर के पुंछ में LOC के पास 22 नवंबर को सेना की अग्रिम चौकी में हुई थी मौत 

अभी यह साफ नहीं है की गोली कैसे चली? 

2 साल पहले ही अग्निवीर में भर्ती हुए थे चंपावत के खरही निवासी दीपक 

10 दिन पहले भी छुट्टी बीता कर ड्यूटी में लौट थे दीपक 

देवभूमि टुडे 

चंपावत/पाटी। पाटी विकासखंड के खरही गांव के अग्निवीर जवान दीपक सिंह की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। दीपक जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में LOC (नियंत्रण रेखा) के पास सेना की अग्रिम चौकी में तैनात थे। वे 2 साल पहले ही अग्निवीर में भर्ती हुए थे। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।  ग्रामीणों के मुताबिक दीपक 10 दिन पहले ही छुट्टी बीता कर ड्यूटी में वापस लौटे थे। जवान का शव कल 24 नवंबर तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। 

चंपावत जिले के पाटी विकासखंड के खरही गांव निवासी दीपक सिंह (23) पुत्र शिवराज सिंह 2 साल पहले ही अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुए थे। प्रशिक्षण पूरी करने के बाद उन्हें जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले की मेंढर तहसील में नियंत्रण रेखा के पास सेना की अग्रिम चौकी में तैनाती मिली थी। 

दीपक सिंह। (फाइल फोटो)

 

कल शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे संदिग्ध हालात में गोली लगने से अग्निवीर दीपक सिंह की मौत हो गई। चौकी पर गोली चलने की अवाज सुनते ही सेना के अन्य जवान मौके पर पहुंचे और उन्होंने खून से लथपथ दीपक को बटालियन चिकित्सा शिविर में पहुंचाया। जहां सेना के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अभी यह साफ नहीं है की ये गोली कैसे चली, किसने चलाई? आत्महत्या है? दुर्घटना या कुछ और? सेना ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

ग्रामीणों के मुताबिक दीपक हाल ही में छुट्टी लेकर घर आया था। गांव के प्रसिद्ध खरही मेले में उन्होंने हिस्सा भी लिया था। 10 दिन पहले ही छुट्टी पूरी कर ड्यूटी पर लौटे थे। परिजन उनकी शादी की तैयारी भी कर रहे थे, लेकिन एकाएक इस दुखद घटना से परिवार के साथ पूरा गांव सन्न रह गया। मां तारी देवी सदमे में चली गई हैं। पिता शिवराज सिंह भी खुद को संभाल नहीं पा रहे हैं। दीपक घर के चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर के थे। दो बड़ी बहनें और एक छोटा भाई है।  

वहीं घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के जन प्रतिनिधि व गणमान्य लोग परिवार से मिलने पहुंचे।जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा, पूर्व सदस्य भोला सिंह बोहरा, चंद्रशेखर जोशी, तुलसी शर्मा, सूरज बोहरा, यशवंत सिंह कुमार, भगवान सिंह कुंवर सहित अनेक लोगों ने शोक जताया है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.