शारीरिक और मानसिक फिटनेस के लिए जरूरी हैं खेल: कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम
पंचम वाहिनी चंपावत ने जीते दोनों मैच
देवभूमि टुडे
चंपावत। SSB (सशस्त्र सीमा बल) की अंतर वाहिनी वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन SSB की पंचम वाहिनी के कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम ने किया। कहा कि खेल ना केवल शारीरिक रूप से फिट रखते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती भी प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया, ताकि अंतर वाहिनी स्तर पर एक सशक्त टीम का चयन हो सके। इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर अंतर-क्षेत्रक वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन किया जाएगा।

आज दूसरे दिन 19 नवंबर को दो मैच हुए। पंचम वाहिनी चंपावत ने 11वीं वाहिनी डीडीहाट को 2-1 से पराजित किया। दूसरे मैच में 5वीं वाहिनी चंपावत ने 55वीं वाहिनी पिथौरागढ़ को 2-1 से शिकस्त दी। रेफरी चंपावत खेल विभाग के ललित मोहन जोशी और रोहित जोशी थे।
3 दिनी प्रतियोगता का कल 20 नवंबर को समापन होगा। कार्यक्रम के दौरान द्वितीय कमान अधिकारी अमित कुमार, उप कमांडेंट डॉ. वेदांतम मधुमिता, सहायक कमांडेंट संचार नवीन कुमार, ए राजा कुमार, सहायक कमांडेंट नवनीत कुमार यादव के अलावा SSB के कार्मिक मौजूद थे।


© 2025. All Rights Reserved.