Monday Jun 15, 2026

अब तक 3 आरोपित हो चुके हैं गिरफ्तार

सोबन सिंह की पुलिस कर रही तलाश

यात्रियों को कम किराए पर दिल्ली ले जाने वाले एक ड्राइवर को 10 जून को जूतों की माला पहनाकर अपमानित किया

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। गुमदेश क्षेत्र के एक टैक्सी ड्राइवर के साथ मारपीट कर जूतों की माला पहनाने वाले चार आरोपितों में से दो और आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह अब कुल तीन आरोपित दबोचे जा चुके हैं। अलबत्ता एक आरोपित की अब भी तलाश है। पुलिस ने कल 14 जून को आरोपित हरीश सिंह बोहरा को नैनीताल से गिरफ्तार किया गया था। और अब दो अन्य आरोपित वीरेंद्र सिंह और मोहन चंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सोबन सिंह को दबोचने के लिए दबिश दी जा रही है। एसपी रेखा यादव ने बताया कि बचा आरोपित को दबोचने के लिए पुलिस की टीम लगाई है।

 

आरोप है कि 10 जून को सवारी लेकर दिल्ली जा रहे गुमदेश क्षेत्र के डूंगराबोरा के एक टैक्सी ड्राइवर को टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवराड़ी बैंड के पास 4 टैक्सी चालकों ने रोक कर गालीगलौज, जाति सूचक शब्दों का प्रयोग और मारपीट की थी। कम किराये में सवारी ले जाने पर नाराज इन टैक्सी चालकों पर डुंगराबोरा के टैक्सी ड्राइवर को जूतों की माला पहनाकर अपमान करने का भी आरोप है। साथ ही घटना का वीडियो भी सार्वजनिक किया गया था। पीड़ित चालक की तहरीर पर कल 12 जून को लोहाघाट निवासी वीरेंद्र सिंह, सोबन सिंह, हरीश सिंह बोहरा और मोहन चंद्र के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के साथ आईटी एक्ट और बीएनएस की धारा 352, 351 (3), 133, 126, 308 (2) 309 (3), 356, 152 (2) में मामला दर्ज किया गया था।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.