पीलीभीत जिले के हैं दोनों आरोपित
टनकपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई कार्रवाई
चंपावत जिले में इस साल जनवरी से अब तक NDPS के 40 मुकदमे दर्ज
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। SOG और टनकपुर पुलिस ने टनकपुर क्षेत्र से पीलीभीत के दो युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। SP रेखा यादव ने बताया कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपितों के खिलाफ NDPS की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

SOG प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में 28 जुलाई की अपरान्ह चलाए गए अभियान में तलाशी के दौरान टनकपुर सैलानीगोठ की कालाझाला गौशाला तिराहे के पास से बाइक सवार 2 युवकों के कब्जे से 306 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की गई। दोनों आरोपितों (गुरदीप सिंह (25) और सुनील सिंह (22) दोनों निवासी बाजार घाट, थाना हजारा पीलीभीत) के खिलाफ टनकपुर कोतवाली में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपितो ने बताया कि यह स्मैक पीलीभीत निवासी मनु सिंह से खरीदी थी और इसे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक नेपाली तस्कर को बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। SP ने बताया कि इस साल जनवरी से अब तक जिले में NDPS के 40 मुकदमे दर्ज कर 54 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
© 2026. All Rights Reserved.