Wednesday Dec 17, 2025

विपक्ष के उपनेता भुवन कापड़ी  की लोहाघाट में पत्रकार वार्ता  

देवभूमि टुडे 

चंपावत/लोहाघाट। विधानसभा में प्रतिपक्ष के उप नेता भुवन चंद्र कापड़ी ने कहा कि गणेश गोदियाल को फिर से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का हाईकमान का फैसला पार्टी हित में हैं। कहा कि गणेश गोदियाल को प्रदेश अध्यक्ष का जिम्मा देकर संतुलित और दूरगामी निर्णय लिया है। यह फैसला पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 

 

आज 17 नवंबर को लोहाघाट पहुंचे भुवन कापड़ी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच बेहतरीन सामंजस्य स्थापित किया है। कुमाऊं में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत तथा यशपाल आर्य जैसे दिग्गज नेतृत्व पहले से मौजूद हैं। वहीं गढ़वाल में गणेश गोदियाल को प्रदेश अध्यक्ष, प्रीतम सिंह को प्रचार समिति अध्यक्ष तथा हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का चेयरमैन बनाकर पार्टी ने दोनों मंडलों का संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया है। यह कदम विधानसभा चुनाव जीतने की दिशा में शुभ संकेत है। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता सरकार से पूरी तरह क्षुब्ध है। युवा बेरोजगारी के कारण सड़कों पर हैं, लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, उपनल के लगभग 22 हजार कर्मचारी धरने पर हैं, 4 हजार अधिवक्ता आंदोलन कर रहे हैं। कापड़ी ने कहा कि इन सबके लिए जरूरी है कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बने। इस मौके पर शैलेंद्र राय, डीडी पांडेय, कविराज मौनी, गिरीश राय, लोकेश पांडेय, राजकिशोर साह सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2025. All Rights Reserved.