Monday Aug 31, 2026

ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवससर उपलब्ध कराना एसएसबी के प्रशिक्षण का उद्देश्य: डॉ. बरनवाल

लोहाघाट ब्लॉक के सीमावर्ती गांव रौंसाल में 20 ग्रामीण लेंगे प्रशिक्षण

देवभूमि टुडे

चंपावत। एसएसबी पंचम वाहिनी के कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम के नेतृत्व में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती गांव रौंसाल में 15 दिवसीय इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कमांडेंट/चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल बरनवाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कहा कि इस प्रकार के कौशल विकास प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्हाेंने कहा कि पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से समय-समय पर विभिन्न व्यावसायिक एवं कौशल विकास प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सीमावर्ती ग्रामीणों को रोजगारपरक कौशल प्रदान कर उन्हें लाभांवित किया जा सके। प्रशिक्षण 13 सितम्बर तक संचालित किया जाएगा। सीमावर्ती गांव व रौंसाल एवं आसपास के सीमावर्ती गांवों के 20 ग्रामीणों को संकल्प फाउंडेशन चंपावत के प्रशिक्षक इलेक्ट्रीशियन ट्रेड से संबंधित विभिन्न कार्यों का व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।

रौंसाल में प्रशिक्षण का शुभारंभ।

प्रतिभागियों को घरेलू विद्युत वायरिंग, विद्युत उपकरणों की सामान्य जानकारी, स्विच एवं साकेट फिटिंग, विद्युत कनेक्शन, विद्युत उपकरणों की मरम्मत एवं रख-रखाव तथा विद्युत सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक कौशल प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं प्रशिक्षुओं को स्वच्छता अभियान, नशा मुक्त अभियान, ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान तथा मिलेट्स के उपयोग एवं उसके लाभ जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों के प्रति भी जागरूक किया गया। इस मौके पर संकल्प फाउंडेशन के सचिव दीपक सिंह बोहरा, ब्रिजेश जोशी, ट्रेनर सुमित सिंह मेहरा, नरेश राम के अलावा ग्राम प्रधान कमल सिंह, भद्री दत्त, सहायक उप निरीक्षक(सामान्य) जोगेंद्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक (फार्मासिस्ट) बलेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.