चंपावत नगरपालिका की कार्रवाई
2500 रुपये का चालान काटा निर्माण सामग्री से नाली बाधित होने से सड़क पर भरा पानी
देवभूमि टुडे
चंपावत। निर्माण सामग्री को सार्वजनिक नाली के समीप डाल नाली निकास बाधित करने के आरोप में एक महिला पर कार्रवाई की गई है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने बताया कि पालिका की टीम ने संबंधित महिला गोविंदी के खिलाफ नियमों का उल्लंघन करने पर 2500 रुपये का चालान काटा।

पालिका के मीडिया ग्रुप के मुताबिक आज 10 अप्रैल की प्रातः खटकना पुल के समीप एक व्यक्ति द्वारा निर्माण सामग्री नाली में डालने के कारण नाली अवरुद्ध हो गई, जिससे जल निकासी बाधित हो गई और पूरा पानी सड़क पर भर गया। इस वजह आम लोगों एवं यातायात को असुविधा का सामना करना पड़ा। मामले की जानकारी मिलते ही नगर पालिका टीम ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। नगर पालिका द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नाली को खुलवाया गया तथा जल निकासी सुचारू कराई गई।
नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर पालिका ने आम नागरिकों से अपील की कि वे निर्माण कार्य करते समय मलबा एवं सामग्री नालियों या सार्वजनिक स्थानों पर न डालें, ताकि शहर की स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो।
© 2026. All Rights Reserved.