जंगल गए मंगोली गांव के 45 वर्षीय भुवन राम का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, कल होगा पोस्टमार्टम
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट रेंज के अंतर्गत एक तेंदुए के हमले में एक अधेड़ उम्र के एक व्यक्ति की जान गई है। तेंदुए ने ग्रामीण को बेरहमी से मौत के घाट उतारा है। इस वाकये के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि तेंदुए से मौत होने की पुष्टि की है। कहा कि क्षेत्र में तेंदुए के खौफ से बचाव को जरूरी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही ग्रामीणों से भी एहतियात बरतने की अपील की गई है।
जानकारी के मुताबिक मंगोली गांव के भुवन राम (45) पुत्र देवराम कल 11 नवंबर से घर से जंगल को गए थे, लेकिन वह घर नहीं लौटे। वन विभाग, पुलिस और गांव के लोगों ने मगोली वन पचायत में खोजबीन की, तो भुवन राम का शव पास के जंगल में मिला। क्षत-विक्षत शव में सिर पूरी तरह गायब था। जबकि शरीर के अधिकांश हिस्सों में बुरी तरह तेंदुए ने हमला किया था। माना जा रहा है कि तेंदुए ने सिर को खाया हो। लोहाघाट रेंज के अंतर्गत हुई इस वारदात से आसपास के इलाकों में खौफ छाया हुआ है। कल पोस्टमार्टम किया जाएगा। दहशतजदा ग्रामीणों ने तेंदुए से बचाव के लिए गश्त बढ़ाने सहित सभी जरूरी कदम उठाने की वन विभाग से मांग की है।
ये सावधानियां बरतें:
ग्रामीण अकेले घास या लकड़ी के लिए जंगल ना जाएं।
महिलाएं घास आदि के लिए झुंड में ही जाएं।
शाम के बाद घरों से बाहर न जाएं, अगर जरूरत हो तो समूह में जाएं।
जंगल में बच्चों को बिल्कुल भी न ले जाएं।
© 2025. All Rights Reserved.