Thursday Aug 6, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 31 अगस्त 2022 से 30 अगस्त 2023 के बीच किया था चंपावत जिले के 10 हाईस्कूलों को इंटर करने का ऐलान

देवभूमि टुडे

चंपावत। 3 साल से पहले चंपावत जिले के 10 विद्यालयों के उच्चीकरण का ऐलान हुआ था, लेकिन उच्चीकरण अभी तक 1 का भी नहीं हो सका है। इसके चलते छात्र-छात्राओं के अपने गांव के पास के विद्यालय में हाईस्कूल के आगे की पढ़ाई का सपना पूरा नहीं हो पा रहा है। चंपावत जिले के ढेरों ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों का अपने गांव के पास इंटर की पढ़ाई करने की मुराद 3 साल से अधिक समय बाद भी अधूरी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 31 अगस्त 2022 को चंपावत जिले के सात फुंगर, सल्ली, मौराड़ी, तलियाबांज, पल्सों, गोली और धूरा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को उच्चीकृत करने का एलान किया था। इसके बाद 2023 में डुंगराबोरा, नरसिंहडांडा ओर बिरगुल को उच्चीकृत कर इंटर बनाने की अलग-अलग समय घोषणा की गई थी। सीएम की घोषणा के बाद शिक्षा विभाग ने उच्चीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार किए, लेकिन फिलहाल अभी इन प्रस्तावों को हरी झंडी नहीं मिल सकी है। मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह का कहना है कि उच्चीकरण के प्रस्ताव और अनुस्मारक पत्र नियमित रूप से विभागीय उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है।

 

पल्सों राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय।

 

CM ने इन तिथियों को किया था ऐलान:

31 अगस्त 2022: चंपावत जिले के 7 (फुंगर, सल्ली, मौराड़ी, तलियाबांज, पल्सों, गोली और धूरा) राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को उच्चीकृत करने का एलान किया था।

24 फरवरी 2023: राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुंगराबोरा को उच्चीकृत कर इंटर किया जाएगा।

14 अप्रैल 2023:नरसिंहडांडा के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को उच्चीकृत कर इंटर करने का ऐलान।

30 अगस्त 2023: राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरगुल को इंटर का दर्जा देने का एलान।

तो होता 2 हजार छात्र-छात्राओं को लाभ...

चंपावत। इन 10 राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का होने से ग्रामीण क्षेत्रों के दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को लाभ होगा। लेकिन फिलहाल इन क्षेत्रों के बच्चों को हाईस्कूल से आगे की पढ़ाई के लिए 3 से 6 किलोमीटर पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह का कहना है कि चंपावत जिले में माध्यमिक स्कूलों के 105 कॉलेज हैं। इनमें 55 जीआईसी, 7 जीजीआईसी और 41 राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय है।

क्या कहते हैं अधिकारी:

चंपावत जिले के 10 राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के उच्चीकरण को लेकर पूर्व में प्रस्ताव भेजे गए हैं। इसे लेकर शासन से वार्ता भी की जा रही है। उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में इन विद्यालयों का उच्चीकरण हो जाएगा।

मनीष कुमार,

डीएम, चंपावत।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.