


जिये पहाड़ समिति के जिला समन्वयक अनिल चौधरी पिंकी की पहल बनबसा और रीठा साहिब में भी खुलेगा पुस्तकालय
पीसीएस अधिकारी हिमांशु कफल्टिया ने 2020 में की थी नागरिक पुस्तकालय की शु़रुआतइन नागरिक पुस्तकालयों की मदद से अब तक 73 छात्र-छात्राएं हो चुके हैं सरकारी विभागों में चयनित
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। उत्तराखंड की पहली Pink Library (महिला पुस्तकालय) चंपावत जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर में खुलेगी। हीरा देवी भट्ट पिंक नागरिक पुस्तकालय नाम से यह पुस्तकालय इसी माह अस्तित्व में आएगा। जिये पहाड़ समिति के जिला समन्वयक और सामाजिक कार्यकर्ता अनिल चौधरी पिंकी ने बताया कि यह पुस्तकालय में पढ़ने वाले ही नहीं, संचालन करने के लिए भी महिलाएं होंगी। पुस्तकालय की तैयारी तकरीबन पूरी कर ली गई हैं। चौधरी का कहना है कि इस पुस्तकालय के जरिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और छात्राओं को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने के साथ महिला सशक्तिकरण की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा जिले के प्रवेशद्वार बनबसा और लधिया घाटी की धुरी रीठा साहिब में भी पुस्तकालय खोला जाएगा। बनबसा का पुस्तकालय कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष रहे दिवंगत केशव भार्गव के नाम से होगा।
नागरिक पुस्तकालय की शुरुआत चंपावत जिले के टनकपुर से पीसीएस अधिकारी हिमांशु कफल्टिया ने टनकपुर में एसडीएम रहते हुए 2020 से शुरू की थी। पिछले सवा चार में उत्तराखंड में 25 नागरिक पुस्तकालय स्थापित हो चुके हैं। इनमें से 17 पुस्तकालय अकेले चंपावत जिले में हैं। चौधरी ने बताया कि समिति की ओर से संचालित इन नागरिक पुस्तकालयों की मदद से अब तक 73 छात्र-छात्राएं विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित हो चुके हैं।


