बालेश्वर मंदिर के संवर्धन के लिए तैयार करें प्रस्ताव: सचिव

पर्यटन सचिव धीरज सिंह गर्ब्याल ने चंपावत जिले के प्रमुख पर्यटक स्थलों का किया निरीक्षण
देवभूमि टुडे
चंपावत। पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने जनपद का दौरा कर सोमवार को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। कहा कि चंपावत में प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक महत्व का अद्भुत संगम है, जिसका समुचित उपयोग कर इसे पर्यटन मानचित्र पर शीर्ष पर लाया जा सकता है। उहोंने स्प्रिचुअल ज़ोन हेतु प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर कोलीढेक झील और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं वाले बाणासुर किले के पैराग्लाइडिंग क्षेत्र को देखा। बाणासुर क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग ज़ोन के विकास की संभावनाओं को देखते हुए इसे प्रमुख पैराग्लाइडिंग हब बनाने जोर दिया। पर्यटन सचिव ने DM मनीष कुमार के साथ गोलज्यू कॉरिडोर का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। गर्ब्याल ने कहा कि राज्य सरकार चंपावत को पर्यटन के दृष्टि से आदर्श जनपद बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए स्प्रिचुअल, साहसिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के एकीकृत विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। धीरज सिंह गर्ब्याल ने बालेश्वर मंदिर के संवर्धन और बेहतर प्रबंधन के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश DM को दिए। उन्होंने प्रसाद वितरण की व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। साथ ही गोरलचौड़ मैदान के पीछे खाली भूमि का उपयोग कर ओपन एयर थिएटर स्थापित करने की योजना को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर SDM अनुराग आर्य, तहसीलदार जगदीश नेगी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट, लोनिवि के EE एमसी पलड़िया, जिला क्रीड़ाधिकारी चंदन सिंह बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!