

शासन द्वारा गठित समिति ने किया सर्वे
शारदा नदी से निर्धारित 2.16 लाख घन मीटर उप खनिज निकासी की मात्रा में से 2.15500 घन मीटर की हो चुकी निकासी
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर शारदा नदी के डाउन स्ट्रीम खनन क्षेत्र में खनन मात्रा बढ़ने की उम्मीद है। इसे लेकर शासन द्वारा गठित समिति के सदस्यों ने सर्वे किया।
पूर्व में शारदा नदी से 2.16 लाख घन मीटर उप खनिज निकासी की मात्रा तय थी। इसमें से अब तक 2 लाख 15 हजार 500 घन मीटर उप खनिज की निकासी हो चुकी है। खनन निकासी की मात्रा बढ़ाने और 15 जून तक खनन कार्य सुचारू रखने की मांग को लेकर मां शारदा शक्तिमान ट्रक यूनियन के अध्यक्ष अमन ठाकुर के नेतृत्व में खनन व्यवसायियों का एक शिष्टमंडल कुछ दिन पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिला था। 27 मई को शासन द्वारा समिति के सदस्य संयुक्त निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म दिनेश कुमार, शारदा रेंज की उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. शालिनी जोशी, जिला खान अधिकारी चित्रा जोशी, गोला के DLM खनन धीरेश चंद्र बिष्ट, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता आरके यादव आदि ने शारदा खनन क्षेत्र का सर्वे कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
वन विकास निगम टनकपुर के अधिकारियों का कहना है कि सर्वे टीम ने खनन क्षेत्र का सर्वे कर लिया है। जल्द ही उप खनिज की मात्रा बढ़ जाएगी। 31 मई तक खनन निकासी का कार्य किया जाएगा। शासन के आदेश के बाद ही 1 जून से खनन निकासी हो सकेगी।

