मरीजों को जीवन दे रहा मायावती धर्मार्थ अस्पताल: सतीश पांडेय

निस्वार्थ सेवा में लगे अद्वैत आश्रम मायावती के संतों एवं डाक्टरों का चिड़ियाढूंगा गांव के रिद्धि–सिद्धि भवन में गीतांजलि सेवा संस्था ने किया सम्मान
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। मानव की निस्वार्थ सेवा में लगे अद्वैत आश्रम मायावती के संतों एवं डाक्टरों को लोहाघाट के नजदीक चिड़ियाढूंगा गांव के रिद्धि–सिद्धि भवन में सम्मानित किया गया। मायावती आश्रम के अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद महाराज के नेतृत्व में गीतांजलि सेवा संस्था के अध्यक्ष और भाजपा प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य सतीश चंद्र पांडे ने सभी का माल्यार्पण कर उन्हें अंग वस्त्र भेंट किए। पांडेय ने कहा कि युगपुरुष स्वामी विवेकानंद जी की परिकल्पना के अनुसार मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय से गरीबों और जरूरतमंदों को नया जीवन मिल रहा है।
आश्रम के अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद महाराज ने कहा कि मानव सेवा की प्रवृत्ति एवं संस्कृति की प्रेरणा भगवान से ही मिलती है। यदि हमारा चिंतन परमार्थ का होगा, तो ऐसे विचार मन में स्वयं पैदा होने लगते हैं।16 वर्षों से यहां निशुल्क सेवा एवं अपने चिकित्सा अनुभव का लाभ दे रहे डॉ. डीएस दुबे एवं लंबे समय से गुजरात से यहां आकर सर्जिकल कार्य कर रहे डॉ. हरेश शाह ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में स्वामी एकदेवानंद, स्वामी मधुरानंद, स्वामी तेगमयानंद, सर्जन डॉ. नीरज दुबे, डॉ. उदय चौरसिया, डॉ. अंशुमान चौहान, डॉ. अनुज सिंह राणा आदि मौजूद थे।

error: Content is protected !!