

पूर्णागिरि धाम में भैरव मंदिर के पास बिगड़ी भी तबीयत, ई-रिक्शा चलाता है मृतका चंद्रकला का पति
देवभूमि टुडे
चंपावत/पूर्णागिरि धाम/टनकपुर। देवी मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए आई एक महिला श्रद्धालु की अचानक मौत हो गई। पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम हुआ। बाद में सोमवार अपरान्ह को पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पूर्णागिरि दर्शन के लिए परिवार संग जा रही चंद्रकला (40) पत्नी प्रमोद कुमार निवासी ग्राम दमखोदा, बहेड़ी, जिला बरेली की भैरव मंदिर के पास 12 मई की सुबह 8 बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई। महिला को आपात चिकित्सा सेवा 108 की एंबलेंस से 19 किलोमीटर दूर टनकपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले महिला की मौत हो गई। डॉ. जितेंद्र जोशी ने चंद्रकला को मृत घोषित कर दिया। मृतक का पति ई-रिक्शा चालक है। वह परिवार के अन्य लोगों के साथ देवी मां के दर्शन के लिए आई थी। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। लक्षणों के आधार पर हृदय गति रुकने से मौत होना बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतका के परिजनों से पूछताछ के आधार पर बताया कि चंद्रकला की तबीयत पहले से खराब थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।


