
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भेजा त्यागपत्र
पार्टी में निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी का लगाया आरोप
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। त्रिस्तरीय पंचायती चुनावों मतदान प्रक्रिया कल 28 जुलाई को निपट गई है। वोटो की गिनती 31 जुलाई को होगी, लेकिन मतगणना से पहले भाजपा में हलचल मची हुई है। जिला पंचायत में पार्टी द्वारा अधिकृत नहीं किए जाने से नाराज निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य और भाजपा की वरिष्ठ नेता किरण देवी ने पार्टी से नाता तोड़ लिया है। इस संबंध में उन्होंने 28 जुलाई को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को त्यागपत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने की जानकारी दी है।
किरण देवी ने आरोप लगाया कि पार्टी में निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। और वे भी इसी अनदेखी का शिकार हैं। इस कारण त्यागपत्र देने को मजबूर हुई हैं। वर्तमान जिला पंचायत सदस्य किरण देवी ने आरोप लगाया कि पहले तू जिला पंचायत सदस्य के रूप में भारतीय जनता पार्टी ने उनकी दावेदारी को खारिज कर दिया और फिर जब उन्होंने स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया, तो उसे षडयंत्र के तहत अवैध घोषित कराया गया। पत्र में किरण देवी ने कहा कि उन्होंने जिम्मेदारी के साथ संगठन के तमाम दायित्वों का अब तक निर्वहन किया, लेकिन अनदेखी के चलते आहत हैं और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हैं।


दूर की जाएगी नाराजगी: BJP जिलाध्यक्ष सामंत भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत का कहना है कि निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य किरण देवी पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें संगठन ने पूरा सम्मान दिया है। जिला पंचायत सदस्य के लिए पार्टी अधिकृत प्रत्याशी का चयन सर्वे, रायशुमारी और समीकरणों के आधार पर सामूहिक रूप से किया गया है। सामंत ने कहा कि निवर्तमान सदस्य से संवाद कर उनकी गलतफहमी और नाराजगी दूर कर ली जाएगी।

