
लोहाघाट के प्रगति आजीविका ग्रॉथ सेंटर के लौह निर्मित बर्तन आकर्षण का केंद्र
पिछले साल नवंबर से अब तक प्रगति आजीविका ग्रॉथ सेंटर चार बडे़ मेलों में ले चुका हिस्सा
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट/नोएडा। नोएडा में 3 दिनी बसंत महोत्सव शुरू हो गया है। 14 फरवरी से 3 दिन तक चलने वाले बसंत महोत्सव का पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार के मौजूदा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उद्घाटन किया। महोत्सव में चंपावत जिले के लोहे के बर्तन भी आकर्षण का केंद्र रहे। पूर्व CM रावत ने लोहाघाट के प्रगति आजीविका ग्रॉथ सेंटर के लोहे से निर्मित विभिन्न उपकरणों व बर्तन वाले स्टॉल का निरीक्षण किया और लौह शिल्प के काम को सराहा।
प्रगति आजीविका ग्रॉथ सेंटर ने आम तवे, कढाई, फ्राइपेन के साथ इंडेक्सन चूल्हे में उपयोग वाली कढाई और तवे सहित कई तरह के लौह बर्तनों को इस स्टॉल में लगाया है। ग्रॉथ सेंटर के अमित कुमार ने लोहे के बर्तनों की बनावट के तरीकों और खूबियों की जानकारी पूर्व CM त्रिवेंद्र सिंह रावत को दी। मजबूत तले वाले लोहे के ये बर्तन टिकाऊ और आकर्षक होने के साथ ही भोजन के स्वाद को भी बढ़ाते हैं।
NRLM (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) से जुड़ने के बाद उत्तराखंड ही नहीं, प्रदेश से बाहर अन्य राज्यों में भी मशीन और हाथ से बनाए जाने वाले इस ग्रोथ सेंटर के लोहे के बर्तनों को नई पहचान मिल रही है। पिछले साल नवंबर से अब तक लोहाघाट का प्रगति आजीविका ग्रॉथ सेंटर चार बडे़ मेलों में हिस्सा ले चुका है। नवंबर 2024 में दिल्ली के प्रगति मैदान में दो सप्ताह तक आयोजित ट्रेड फेयर, जनवरी 2025 में बरेली के उत्तरायणी मेले और 31 जनवरी से 9 फरवरी तक नवी मुंबई में लगे कौथिक में लोहे से निर्मित उपकरणों की धूम रही थी।





