सभी NGO को एक हफ्ते में देनी होगी संगठनात्मक जानकारी

सुरक्षा एजेंसियों व विभिन्न विभागों के संवाद और समन्वय से और सशक्त करेंगे जिले की सुरक्षा व्यवस्थाः DM नवनीत पांडे
आधारभूत ढांचे से लेकर संचार प्रणाली को मजबूत करने और जीवनोपयोगी वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चत करने पर जोर
चंपावत में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के उच्चाधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक
देवभूमि टुडे
चंपावत। DM नवनीत पांडे ने कहा कि आपसी संवाद और समन्वय के जरिए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। कलक्ट्रेट में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के उच्चाधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक में बेहतर सामंजस्य से काम करने के निर्देश दिए। बैठक में सीमा सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आवश्यक आपूर्ति की त्वरित उपलब्धता सहितकई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन मंत्रणा हुई।
सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, गोपनीय सूचनाओं का आदान-प्रदान, आँपरेशन की सुगमता, सीमा क्षेत्रों में चेकिंग, फेक न्यूज पर नियंत्रण व निरंतर मानिटरिंग जैसे अहम विषयों पर एकरूपता लाने पर सहमति बनी। तय हुआ कि सभी एजेंसियां और विभाग विषम हालातों में त्वरित रेस्क्यू आँपरेशन, रेस्क्यू स्थानों के चिन्हीकरण, क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को प्राथमिकता में रखते हुए काम करने पर जोर दिया गया। परिवहन और यातायात संचालन, खाद्य आपूर्ति एवं भंडारण तथा आवश्यक पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। DM ने संबंधित विभागों को जन सुरक्षा और आवश्यक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अस्पतालों में जीवन रक्षक एवं जरूरी दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने, राष्ट्रीय राजमार्ग पर संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए। संचार प्रणाली को मजबूत बनाए रखने और आवश्यक वस्तुओं जैसे खाद्यान्न, ईंधन और अन्य जीवनोपयोगी सामग्रियों की सुनिश्चित आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। सुरक्षा एजेंसियों को आश्वस्त किया गया कि जिला प्रशासन हर स्तर पर उनके साथ समन्वय स्थापित करते हुए काम करेगा। रसद, उपकरण, ईंधन और दवाइयां जैसी आवश्यक आपूर्तियां प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित सभी NGO( गैर सरकारी संगठन) एक सप्ताह के भीतर अपनी संगठनात्मक जानकारी, कार्यक्षेत्र एवं संपर्क विवरण SP कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। SP अजय गणपति और SSB के DIG सुधांशु नौटियाल ने कई अहम जानकारी दी।
बैठक में माैजूद रहे ये अफसर:
BRO के कमांडेंट कर्नल राकेश पाठक, ITBP की 36वीं वाहिनी के कमांडेंट संजय कुमार, 119 OMC के कर्नल बीएस राठौर, CISF असिस्टेंट कमांडेंट राजेश कुमार, SSB की 57वीं वाहिनी के अनिल कुमार यादव, OC लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक वर्मा, डिप्टी कमांडेंट दीपक तोमर, ADM जयवर्धन शर्मा, CMO डा. देवेश चौहान, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी उमेद सिंह, SDM नितेश डांगर, वन विभाग की SDO नेहा सौन, UPCL के EE विजय सकारिया, DDMO देवेंद्र पटवाल, जिला पंचायत के AMA कमलेश सिंह बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी यशवंत खड़ायत जिला पूर्ति अधिकारी मनोज साह आदि।

error: Content is protected !!