
लोहाघाट के प्रगति आजीविका ग्रॉथ सेंटर के लोहे से निर्मित विभिन्न बर्तनों की खूब मांग रही
मुंबई में 31 जनवरी से 9 फरवरी तक चला कौथिग
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट/मुंबई। मुंबई के कौथिग में चंपावत जिले के लोहे के बर्तनों की धूम रही। लोहाघाट के प्रगति आजीविका ग्रॉथ सेंटर के लोहे से निर्मित विभिन्न उपकरणों वाले स्टाँल ने खूब नाम कमाया। आम तवे, कढाई, फ्राइपेन के साथ इंडेक्सन चूल्हे में उपयोग वाली कढाई और तवे सहित कई तरह के लौह बर्तनों को इस स्टॉल में लगाया गया था।
नवी मुंबई के झांसी की रानी मैदान सेक्टर 9 में 31 जनवरी से 9 फरवरी तक चले इस कौथिग में प्रगति महिला ग्राम संगठन ग्रॉथ सेंटर लोहाघाट का जलवा रहा। ग्रॉथ सेंटर की ओर से लगाए गए स्टॉल के लौह बर्तनों को खूब पसंद किया गया। ग्रॉथ सेंटर के अमित कुमार बताते हैं कि पिछले 13 वर्षों से मुंबई कौथिक में हिस्सा ले रहे हैं। उनका कहना है कि मेले में लोहे के बर्तनों की खासी मांग रही। खासकर इंडक्सन वाली कढाई और फ्राइपेन की। मजबूत तले वाले लोहे के ये बर्तन टिकाऊ और आकर्षक होने के साथ ही खाने के स्वाद में भी इजाफा करते हैं। मशीन और हाथ से बनाए जाने वाले लोहे के ये बर्तन लोहाघाट की शान हैं।
ग्रॉथ सेंटर का कहना है कि NRLM (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) से जुड़ने के बाद उत्तराखंड ही नहीं, प्रदेश से बाहर अन्य राज्यों में भी इस ग्रोथ सेंटर के लोहे के बर्तनों को नई पहचान मिल रही है। युवा उद्यमी अमित कुमार ने DRDA की सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया है।
पिछले तीन माह में लोहाघाट का प्रगति आजीविका ग्रॉथ सेंटर तीन बडे़ मेलों में हिस्सा ले चुका है। मुंबई से पूर्व नवंबर 2024 में दिल्ली के प्रगति मैदान में दो सप्ताह तक आयोजित ट्रेड फेयर के अलावा जनवरी 2025 में बरेली के उत्तरायणी मेले में भी ग्रॉथ सेंटर भाग ले चुका है।





