9 साल की था मृत मादा तेंदुआ, छीड़ा लीसा डिपो के पास हुआ पोस्टमार्टम, टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के पास सिंगदा गांव की सड़क पर घायल हाल में मिला था चोटिल तेंदुआ
देवभूमि टुडे
चंपावत/बाराकोट। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के नजदीक सिंगदा गांव के पास की सड़क पर घायल हाल में मिले तेंदुए को बचाया नहीं जा सका। पोस्टमार्टम के बाद तेंदुए को जला दिया गया।
1 फरवरी को घायल हाल में मिले तेंदुए की इलाज के दौरान मौत हो गई। रेस्क्यू कर तेंदुए को बचाने की तमाम कवायद की गई। लेकिन तेंदुए को बचाया नहीं जा सका। उप प्रभागीय वनाधिकारी नेहा सौन ने बताया कि तेंदुए के शरीर के पीछे का हिस्सा बुरी तरह जख्मी था। वह चल भी नहीं पा रहा था। मृत मादा तेंदुए की उम्र करीब 9 साल है। छीड़ा लीसा डिपो के पास पशु चिकित्सकों की टीम ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया। मौत की वजह का पता नहीं चल सका है। लेकिन वन विभाग का कहना है कि अधिक उम्र और शरीर में लगी चोट मौत की वजह हो सकती है। अलबत्ता मौत का असल कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पता चल सकेगा।