घायल तेंदुए का rescue..इलाज के बाद राहत केंद्र भेजा जाएगा

टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के नजदीक सिंगदा गांव के पास की सड़क पर 1 फरवरी की सुबह घायल हाल में मिला था तेंदुआ
देवभूमि टुडे
चंपावत/बाराकोट। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के नजदीक सिंगदा गांव के पास की सड़क पर घायल हाल में मिले तेंदुए का वन विभाग ने रेस्क्यू कर लिया है। तेंदुआ 1 फरवरी की सुबह इस स्थान पर घायल हाल में दिखा। प्रभागीय वनाधिकारी नवीन पंत ने बताया कि तेंदुए का रेस्क्यू कर दिया गया है। पशु अस्पताल में इलाज के बाद तेंदुए को राहत केंद्र भेजा जाएगा।
1 फरवरी की सुबह ग्रामीणों को घायल हाल में सड़क किनारे बैठा तेंदुआ नजर आया। तेंदुए को सड़क किनारे इस हाल देख लोग सकते में आ गए। लोगों की आवाजाही के बावजूद तेंदुए के सड़क से नहीं उठा। अलबत्ता शोर मचाने के बाद तेंदुआ सड़क से घिसटकर पास के खेतों में बैठ गया। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुआ ठीक से चल नहीं पा रहा था।
सूचना पर काली कुमाऊं के वन क्षेत्राधिकारी राजेश जोशी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तेंदुए को रेस्क्यू कर पशु अस्पताल पहुंचाया। रेंजर के मुताबिक घायल होने से तेंदुए को चलने में दिक्कत हो रही है। इलाज के बाद तेंदुए को राहत केंद्र भेजा जाएगा।

error: Content is protected !!