गांव-गांव खड़ी होली के रंग…होल्यार गायन से बिखेर रहे रंग

चख-चख लाई बेर, शबरी आज भयो बड़ भाग्य तेरो…
चंपावत जिले के अधिकांश क्षेत्रों में कुमाऊंनी खड़ी होली का चढ़ा खुमार
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। क्षेत्र में कुमाऊंनी खड़ी होली का खुमार चढ़ गया है। महिलाएं और पुरूष कदम से कदम मिलाकर होली गायन से समा बांध रहे हैं। होल्यारों ने गांव-गांव घूमकर होली गायन किया। होली देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक भी उमड़ रहे हैं। सुंई पऊ में महिलाओं ने भुवन चतुर्वेदी के आवास में होली गायन किया। चख-चख लाई बेर, शबरी आज भयो बड़ भाग्य तेरो…, कजरा को डबिया खोल अलबेली लागों महीना फागुन को… होली गीतों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। पुष्पा ओली, तुलसी ओली, शांति चतुर्वेदी, हरिप्रिया चतुर्वेदी, लक्ष्मी ओली, सरोज ओली, दीपा चतुर्वेदी, प्रेमलता ओली, गीता ओली, नीमा ओली आदि महिलाओं ने होली गायन में हिस्सा लिया। पऊ के ही छमनियां में पुरुष और महिला होल्यारों ने दयानंद चतुर्वेदी एवं बसंती चतुर्वेदी के आवास में गई-गई सुलोचन मेघनाथ, तेरी सती चली बालम संग में…, उठ भारत राम मिलन आए… सहित कई होलियों का गायन किया। सुंई खैसकांडे के होल्यारो ने सात खाल के कोटाली खेत में घर-घर जाकर होली गाई। रायनगर चौड़ी, फोर्ती, बिशंग, राईकोट, रावलगांव, इजड़ा, रायनगर चौड़ी, डैंसली में भी खड़ी होली की धूम रही। बाराकोट और पाटी के ग्रामीण क्षेत्रों में हर आयु वर्ग के लोग होली की मस्ती में डूबे रहे।
मां वाराही मंदिर के दुबाचौड़ खोलीखांड़ मैदान में होल्यारो ने- तुम तो भई तपवान कालिका, कलयुग में अवतार भई…, सुमिरो सीता राम भया, कोई हीरा जनम नहीं पाओगे…, होली खेलत ऐड़ी फटकशिला…,आदि होली गीतों के गायन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, प्रवीण जोशी, चंदन सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान उमेद सिंह मेहता, ईश्वर बिष्ट, गोधन मेहता, बची सिंह, नारायण खाती, भुवन बिष्ट, खुशाल सिंह मेहता आदि मौजूद थे।
वहीं ग्राम सभा कोलीढेक की महिलाओं का दल मुख्यमंत्री आवास में आज 13 मार्च को खड़ी होली का गायन करेगा। इसके लिए अल्का ढेक के नेतृत्व में टीम कल देहरादून रवाना हो चुकी है।

error: Content is protected !!