

चंपावत की 10 साल तक जिलाध्यक्ष रहीं निर्मला गहतोड़ी के पौत्र हैं कृषांग जोशी
इस वक्त कर्नाटक के न्यू मंगलोर में माता-पिता के संग रहते हैं कृषांग
720 में से 681अंक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर तीसरी रैंक मिली
देवभूमि टुडे
चंपावत/अल्मोड़ा। मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की UG की NEET (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) 2025 में चंपावत जिले से ताल्लुक रखने वाले कृषांग जोशी ने (99.9998189 percentile) 720 में से 681अंक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर तीसरी रैंक प्राप्त किया है। आज 14 जून को NTA ने NEET (UG)-2025 का परिणाम जारी किया। राजस्थान के महेश कुमार (99.9999547 percentile) ने 720 में से 686 अंक के साथ NEET में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। जबकि मप्र के उत्कर्ष अवधिया (99.9999095 percentile) 682 अंक के साथ दूसरे नंबर पर रहे।
अल्मोड़ा द्वाराहाट सुंदरखोला के मूल निवासी कृषांग अपनी गृहणी मां और पिता के साथ कर्नाटक के न्यू मंगलोर में रहते हैं। पिता न्यू मंगलोर मनोज जोशी पोर्ट उप संरक्षक हैं।
कृषांग, उत्तराखंड राज्य समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष और 10 साल तक कांग्रेस की चंपावत जिलाध्यक्ष रहीं निर्मला गहतोड़ी के पौत्र (बेटी का बेटा) हैं। उन्होंने बताया कि कृषांग की प्रतिभा को देखते हुए पुणे के आकाश इंस्टीट्यूट ने कृषांग को पुणे में निशुल्क कोचिंग की सुविधा दी थी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, चंपावत के पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन कठायात, सभासद प्रेमा चिलकोटी, एडवोकेट श्याम कार्की, सुधीर साह, जनार्दन चिलकोटी, विष्णु गिरी गोस्वामी, विपिन जोशी आदि ने बधाई देते हुए कहा कि कृषांग की यह उपलब्धि चंपावत सहित प्रदेश के अन्य युवाओं को प्रेरित करेगी।


