
परंपरागत तरीके से हुआ यात्रियों का स्वागत
टनकपुर से कल रवाना होगा यात्रा दल
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। कैलाश मानसरोवर यात्रियों के तीसरे दल का आज 12 जुलाई की शाम को टनकपुर पर्यटक आवास गृह में छोलिया नृत्य के साथ स्वागत किया। टनकपुर पहुंचने पर दल के सदस्य ने कुमाऊं छोलिया नृत्य की धुन पर जमकर थिरके। परंपरागत परिधान पहनी महिलाओं ने इन यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। दल में कुल 46 (34 पुरुष और 12 महिलाएं) यात्री शामिल हैं। यात्रा दल कल 13 जुलाई को सुबह 8 बजे टनकपुर से पिथौरागढ़ के लिए रवाना होगा।
कैलास मानसरोवर की पहली बार यात्रा में दिल्ली निवासी 20 वर्षीय शिवम और 17वीं बार कैलास मानसरोवर यात्रा पर जा रहे दिल्ली उच्च न्यायालय के एडवोकेट देवेंद्र प्रसाद गोयल और दूसरी बार कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रही मध्य प्रदेश की किस्मत साहनी शामिल हैं। पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से कैलास मानसरोवर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
सर्वाधिक 11 यात्री उत्तर प्रदेश के:
कैलास मानसरोवर यात्रा के तीसरे दल मे 46 यात्री शामिल हैं, जिसमें 34 पुरुष एवं 12 महिला हैं। दल में उत्तर प्रदेश के 11 यात्री, गुजरात से सात, दिल्ली, कर्नाटक व मध्य प्रदेश से चार-चार, राजस्थान से तीन, तमिलनाडु, हरियाणा, केरल व चंडीगढ़ से दो-दो, आंध्र प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, पंजाब व उत्तराखंड से एक-एक यात्री शामिल है।


