
मुवानी से बोकटा जा रही जीप भंडारीगांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई
6 घायल यात्री अस्पताल भर्ती
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख
देवभूमि टुडे
पिथौरागढ़/चंपावत। सीमांत जिले में पिथौरागढ़ में मैक्स जीप के नदी में गिरने से 8 यात्रियों की मौत हो गई है। 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। मुवानी से बोकटा की तरफ जा रही जीप अचानक बेकाबू हो अपने अंतिम स्टेशन पर पहुंचने से कुछ दूर पहले ही भंडारीगांव के पास नदी में जा गिरी। पिथौरागढ़ की SP रेखा यादव के मुताबिक युद्धस्तर से राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है। DM विनोद गोस्वामी ने दुर्घटना की मजिस्ट्रेटी जांच का आदेश दिया है। दुर्घटना में मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 6 घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार 15 जुलाई की शाम करीब 4 बजे थल-पिथौरागढ़ सड़क पर मुवानी के पास सूनी पुल से एक मैक्स जीप (UK-05TA-0193) बेकाबू होकर 100
फीट नीचे नदी में लुढ़क गई। हादसे में 8 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जीप के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में तनुजा और विनीता सगी बहनें हैं, जो जीआईसी मुवानी में कक्षा 9वीं के छात्रा हैं। सभी मृतक बोकटा क्षेत्र के निवासी हैं.
घायलों को आपात सेवा 108 की एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुवानी भेजा गया। प्राथमिक इलाज के बाद मुवानी से हायर सेंटर भेज दिया गया है. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बेरीनाग के SDM आशीष जोशी और थल के थानाध्यक्ष शंकर सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अलबत्ता अभी जीप दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट का गहरा शोक जताया है। हादसे के दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और राहत बचाव दलों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को समय पर उचित और निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
हादसे में मृतकों के नाम:
सिमरन (8) पुत्री कुंदन सिंह निवासी- बोकटा, तनुजा (15) पुत्री चंद्र सिंह निवासी- बोकटा, विनीता (14) पुत्री चंद्र सिंह निवासी- बोकटा, नरेंद्र सिंह (40) पुत्र चंद्र सिंह वाहन चालक, निवासी- बोकटा, राजेंद्र सिंह (60) पुत्र किशन सिंह निवासी- बोकटा, होशियार सिंह (65) पुत्र भीम सिंह निवासी- बोकटा, शांति देवी (50) पुत्री केशर राम निवासी- बोकटा और दिकभा (28) पत्नी पंकज सिंह निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़।
हादसे में घायलों के नाम:
योगेश कुमार (21) निवासी बोकटा, श्याम सिंह (50) निवासी बोकटा, कल्याण सिंह (55) निवासी बोकटा, सुमित सिंह (22) निवासी बोकटा, पूजा निवासी बोकटा, विनीता (20) पुत्री पूरन बहादुर निवासी बोकटा, पिथौरागढ़।


