

चंपावत में अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स निषेध दिवस पर निकाली रैली, किया जागरूक, SP अजय गणपति ने नशा नहीं करने की लोगों को दिलाई शपथ
देवभूमि टुडे
चंपावत। अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स निषेध दिवस पर पुलिस प्रशासन एवं SSB की पंचम वाहिनी के तत्वाधान में चंपावत में जन-जागरूकता रैली निकाली गई। खटकना पुल से बस स्टेशन तक रैली निकालने के साथ नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। SP अजय गणपति ने लोगों को नशे के प्रति जागरूक करने के साथ नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। नशा मुक्त भारत अभियान, ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से योगदान देने और गांव-गांव तक जागरुकता फैलाने की अपील की गई। ‘युद्ध नशे के विरूद्ध’, ‘नशा नहीं जिन्दगी चुनों’, ‘खुद को तुम जगा दो, नशे को तुम भगा दों’, ‘चंपावत ने यह ठाना है, नशे को दूर भगाना है’, ‘हम सबका है यही सपना, नशा मुक्त हो देश अपना’, ‘खेलों को अपनायेंगे, नशे को दूर भगायेंगे’, ‘नशे के अंधकार को छोड़ दो अपने जीवन को खेलों से जोड़ दो’, ‘खुशहाल जीवन की एक ही युक्ती सभी तरह के नशे से मुक्ति’ जैसे नारों से सजे बैनर व फ्लेक्सी के जरिए नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया गया। SSB की पंचम वाहिनी के कमांडेंट अनिल कुमार सिंह ने नशे के खिलाफ जंग में मिलकर लड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्याम नारायण पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, मनमोहन सिंह बोहरा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, आनंद अधिकारी, व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष विकास साह, महामंत्री हरीश सक्टा, SSB के सहायक कमांडेंट कुमार मेघा चंद्रा सहित व्यापारी, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि और आम लोग मौजूद थे। इसी के साथ 12 जून से 26 जून तक चला नशा मुक्त भारत पखवाड़ा भी संपन्न हुआ।







