

डीएम नवनीत पांडे ने किया हिमवत्स की साविद्या स्मारिका का विमोचन
छात्र-छात्राओं को दिए गए सफलता के सूत्र
देवभूमि टुडे
चंपावत। डीएम नवनीत पांडे ने कहा कि छात्र-छात्राओं को प्रेरित करने के साथ ही ज्ञान-विज्ञान को सरल तरीकों से लोकप्रिय बनाने में हिमवत्स (हिमालय वाॅटर सर्विस तथा विकास एवं पर्यावरण संरक्षण समिति) की पहल सराहनीय है। चंपावत कुलेठी के जूनियर हाईस्कूल के सामुदायिक डिजिटल शिक्षा एवं विज्ञान संसाधन केंद्र में हुए कार्यक्र्रम में उन्होंने छात्र-छात्राओं से लक्ष्य का निर्धारण कर आगे बढऩे को प्रेरित करने के साथ हिमवत्स के कार्यों की प्रशंसा करते हुए प्रशासनिक स्तर पर सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर साविद्या स्मारिका का विमोचन भी किया गया। हिमवत्स द्वारा प्रकाशित स्मारिका के इस 17वें अंक में विज्ञान आलेख, प्रेरक कहानी से लेकर संस्था के क्रियाकलापों की जानकारी दी गई है। मुख्य अतिथि हिमवत्स के संस्थापक डॉ. टीसी बिष्ट ने सफलता के लिए एकाग्रता के साथ निरंतर मेहनत करने की नसीहत दी। उन्होंने जीवन के अनुभवों को साझा किया। हिमवत्स ने चंपावत जिले के 22 स्कूलों के 67 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति दी।
हिमवत्स के सचिव डॉ. जीबी बिष्ट ने संस्था के कार्यों की जानकारी दी। रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राजेंद्र गहतोड़ी के संचालन में हुए कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला शासकीय अधिवक्ता अमरनाथ वर्मा, जिला शिक्षाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) मान सिंह, सीएम जोशी, जगदीश अधिकारी, हीराबल्लभ पांडेय आदि ने विचार रखा। राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता शिक्षक डॉ. भुवन चंद्र जोशी ने अतिथियों का आभार जताया। हिमवत्स के संरक्षक मोहन चंद्र रस्यारा, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य भुवनेश्वरी फोनिया, शोभा जोशी, सुषमा बिष्ट, कविता रैंसवाल, सुमन बोहरा, नंदूराम आर्य, प्रकाश सिंह कार्की आदि मौजूद थे। कार्यक्रम में डॉ. एमपी जोशी, प्रकाश पुनेठा, पंकज बोहरा, सपना भंडारी, गौरव बोहरा आदि ने सहयोग किया।






