
पिथौरागढ़ से अपने साथी के साथ टैक्सी से टनकपुर के लिए निकला था, हरियाणा का ITBP जवान संजय यादव
सिन्याड़ी के पास टैक्सी में अचेत हाल में मिला, टनकपुर अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। दीपावली की छुट्टी लेकर घर जा रहे ITBP की14वीं वाहिनी जाजरदेवल (पिथौरागढ़) के जवान की मौत हो गई। जवान हरियाणा का रहने वाला है। वे पिछले दो वर्ष से पिथौरागढ़ में ड्यूटी में तैनात थे। जवान के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे ससम्मान उनके घर हरियाणा भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक संजय यादव (43) पुत्र रामस्वरूप निवासी रेवाड़ी हरियाणा आज 18 अक्टूबर को दीपावली की छुट्टी लेकर घर जा रहा था। अपने एक साथी आरक्षी के साथ पिथौरागढ़ से टैक्सी में टनकपुर के लिए निकला। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिन्याड़ी के पास टैक्सी होटल में खाना खाने के लिए रुकी। टैक्सी में सवार यात्री खाने खाने के लिए उतर गए, लेकिन जवान संजय यादव अचेत पड़ा रहा। जवान के साथी ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। इससे उसके साथी और यात्री अनहोनी की आशंका से घबरा गए। आननफानन में जवान को उसी टैक्सी से टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ज्ञानेंद्र यादव ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना के बाद कोतवाल चेतन सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस अस्पताल पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर घटना की सूचना पिथौरागढ़ 14वीं वाहिनी को दी गई। कुछ देर बाद बनबसा से ITBP के ASI गोविंद राम भी अस्पताल पहुंच गए। जिनकी मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया गया। ITBP के वाहन से तिरंगे में लिपटाकर शव को ससम्मान जवान के घर हरियाणा भेजा गया। डॉ. ज्ञानेंद्र ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से जवान की मौत का अंदेशा है। अलबत्ता पोस्टमार्टम रिपाेर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


