गोवर्धन पूजन…गायों की पूजा की, गोवंश संरक्षण का संकल्प भी लिया

बनबसा के गौ सेवा उपचार केंद्र में हुई गायों की पूजा
देवभूमि टुडे
चंपावत। लक्ष्मी पूजन के एक दिन बाद आज 22 अक्टूबर को गोवर्धन (अन्नकूट) पूजन परंपरागत उल्लास से मनाया गया। गायों की पूजा-अर्चना की गई और उन्हें पकवान खिलाए गए। पशुपालकों ने गोवंश के संरक्षण का संकल्प लिया।
चंपावत, लोहाघाट, पाटी, बाराकोट क्षेत्र के सभी गांवों में पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखा। गोशालाओं की विशेष साफ-सफाई के बाद गायों को नहलाने के साथ उन्हें हरा चारा खिलाया गया। कई स्थानों पर लोगों ने अपने घरों के मुख्य द्वार पर गोबर की लिपाई की और गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति स्थापित की। भगवान को विभिन्न पकवानों का भोग लगाकर पूजा-अर्चना की गई। चंपावत, टनकपुर, बनबसा में भी गायों को फूलों की माला पहनाकर आरती उतारी गई।
वहीं बनबसा में गौ सेवा उपचार केंद्र मेंं गोवर्धन पूजा हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी के नेतृत्व में हुए इस आयोजन में लोगों ने गौ माता की पूजा-अर्चना कर गौ संरक्षण एवं सेवा का संकल्प को दोहराया। इस मौके पर सभासद काजल रत्नाकर, लक्ष्मी कश्यप, मनोज कश्यप, देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रमोद रत्नाकर, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष निर्मल थ्वाल, नरेश विश्वकर्मा, अर्जुन, सौरभ, रोशन आदि मौजूद थे।

गोवर्धन पड़वा पर चंपावत के मादली में गौ पूजन करती गौ पालक चंद्रावती पांडेय।
error: Content is protected !!