


1857 की क्रांति के नायक वीर कालू सिंह मेहरा की मूर्ति में माल्यार्पण किया
लोहाघाट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
होल्यारों को सम्मानित भी किया
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने आसन्न त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जुटने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत की अध्यक्षता में 21 अप्रैल को लोहाघाट में हुई बैठक में उन्होंने एकजुटता के साथ काम कर पार्टी संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
1857 की क्रांति के नायक वीर कालू सिंह मेहरा की मूर्ति में माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। पूर्व CM ने काली कुमाऊं की खड़ी होली को बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जीवन मेहता के अलावा फोर्ती, कलीगांव, आदर्श कलोनी, बिसुंग, रायनगर चौड़ी, डैंसली, ठाड़ाढुंगा और रामलीला कमेटी के होल्यारों को सम्मानित किया। कहा कि उनका काली कुमाऊं क्षेत्र से खास लगाव रहा है। काली कुमाऊं की खड़ी होली को पहचान देने के लिए रामलीला कमेटी द्वारा दूरस्थ गांवो की होली को आगे लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से विलुप्त हो रही होली को जीवंत रूप मिला है। पूर्व CM ने ढोल वादकों के साथ ढोल बजाने के अलावा महिलाओं के साथ झोड़ा गायन का लुत्फ भी उठाया।
इससे पूर्व लोहाघाट पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की अगवाई में पूर्व CM रावत का ढोल नगाड़ों व फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। जन संपर्क करते हुए रावत ने आम लोगों के हालचाल भी जाने। इस दौरान पूर्व स्पीकर गोविंद कुंजवाल, चंपावत के पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, निर्मला गहतोड़, पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भगीरथ भट्ट, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमल महरा, सरोज बिष्ट, एडवोकेट नवीन मुरारी, प्रहलाद सिंह मेहता, दीवानी राम, शैलेंद्र राय, डॉ. अमर सिंह कोटियाल, प्रकाश मेहरा, अशोक महरा, अशोक वर्मा, बल्लू मेहरा, प्रकाश बोहरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।








