
फेसबुक पर पोस्ट डालकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दिया, समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी से आहत हो इस्तीफे की बात लिखी, इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को भेजा
देवभूमि टुडे
चंपावत। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने पार्टी से नाता तोड़ लिया है। उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पार्टी के कर्मठ एवं समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी एवं अपमान से वे आहत हैं। यद्यपि उन्होंने इसकी जानकारी फेसबुक पर पोस्ट डालकर दी है, लेकिन उन्होंने देवभूमि टुडे से फोन पर हुई बात में बताया कि इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को भेजा है।
2019 से 2022 तक जिलाध्यक्ष रहे पाठक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के जिन कार्यकर्ताओं ने अपने समय में उन्हें और कई अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमे लगाकर जेल भेजा, आज भाजपा में उन्हें वरीयता दी जा रही है। पोस्ट में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपने इस निर्णय के लिए क्षमा मांगी है। साथ ही जन सेवा के कार्यों के लिए संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया है। दीप चंद्र पाठक की पोस्ट से उनके समर्थक सकते में हैं।

