घरों तक पहुंची जंगल की आग…पाटी में 3 मकान खाक

तीनों घरों में रखा सामान आग की भेंट चढ़ा
आग लगने के वक्त मकान के भीतर किसी के नहीं होने से बच गई जन हानि
देवभूमि टुडे
चंपावत/पाटी। पाटी ब्लॉक की गहतोड़ा ग्राम पंचायत में छोड़े गए तीन मकान आग की चपेट में आ गए। आग लगने से तीनों मकानों में रखी सामग्री खाक हो गई। पीड़ितों का कहना है कि गहतोड़ा और बरमतोड़ा के जंगलों से फैली आग धार सिरतोल, हलद्ववा गांव तक फैल गई और मकानों को चपेट में लिया। लेकिन अभी तक वन विभाग ने इसकी पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों ने नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा देने की मांग की है।
ग्राम पंचायत गहतोड़ा के धार सिरतोली के हलदुआ में छोड़े गए तीन मकान शुक्रवार शाम को जल गए। अग्निकांड में घर में रखा सामान जल कर राख हो गया। भीषण आग ने पहले देवकीनंदन, सुरेश चंद्र और नवीन चंद्र के मकान को चपेट में लिया। तेज हवा चलने से आग इससे सटे चंद्रकांत, रमेश चंद्र, मोहन चंद्र, लीलांबर, भुवन चंद्र, कैलाश चंद्र, महेश चंद्र और प्रकाश चंद्र के मकानों तक आग फैल गई। गनीमत रही कि आग लगते समय मकानों के भीतर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। जिस कारण जन हानि होने से बच गई। लेकिन घरों में रखा सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना राजस्व और वन विभाग को दी। पीड़ितों का कहना है कि जंगल की आग ने मकानों को चपेट में लिया है। भवन स्वामी कामकाज और बच्चों को पढ़ाने के लिए बाहर रहते हैं। तहसीलदार ईश्वर सिंह भीमा ने बताया कि राजस्व टीम नुकसान का आंकलन कर रही है।

error: Content is protected !!