
टनकपुर के पांच सभासदों ने मुख्यमंत्री से मिलने के बाद बदला मन
टनकपुर नगर पालिका प्रशासन पर मनमानी और उत्पीड़न का आरोप लगा भेजा था इस्तीफा
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर नगर पालिका प्रशासन पर मनमानी, उत्पीड़न और विकास की अनदेखी का आरोप लगा इस्तीफे की पेशकश करने वाले सभी पांचों सभासदों ने यू-टर्न लिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र को वापस ले लिया है। इन सभासदों ने अधिशासी अभियंता भूपेंद्र प्रकाश जोशी के माध्यम से 25 अगस्त को कुमाऊं आयुक्त को इस्तीफा भेजा था। 9 सितंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता के बाद सभी ने त्यागपत्र वापस लेने का ऐलान किया। इस्तीफा वापस लेने वाले सभासद दिलदार अली, वकील अहमद, चर्चित शर्मा, आशा भट्ट और बबीता वर्मा ने देहरादून में मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें इस्तीफा देने का कारण बताया। मुख्यमंत्री ने उनके द्वारा उठाए बिंदुओं पर जरूरी कार्यवाही का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि शहर के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। सभासदों का कहना था कि सीएम धामी के अश्वासन से संतुष्ट होकर सभी ने अपना त्यागपत्र वापस ले लिया है।

