
टनकपुर स्थित शारदा रेंज की द्वान वन चौकी के पास हुई वारदात
ड्यूटी के दौरान हुआ वाकया
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। गजराज की गरज वन कर्मियों पर भारी पड़ी। 15 फरवरी की शाम को टनकपुर स्थित शारदा रेंज की द्वान चौकी के पास बाइक से जा रहे तीन वन कर्मियों पर एकाएक एक हाथी ने हमला कर दिया। हमले में एक वन कर्मी जख्मी हो गए। चोटिल शख्स को टनकपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया।
वन क्षेत्राधिकारी पूरन चंद्र जोशी ने बताया कि शनिवार शाम दो वन कर्मी और एक वन निगम कर्मी द्वान चौकी की ओर जा रहे थे। वन विभाग कर्मी बलदेव, कौशल कुमार व वन निगम के चतुर सिंह बाइक से द्वान चौकी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान शनिवार शाम करीब 4 बजे एक हाथी इन वन कर्मियों पर झपटा। इसी दौरान निगम कर्मी चतुर सिंह (55) असंतुलित होकर गिर गए। वन विभाग कर्मी बलदेव व कौशल कुमार के शोर मचाने पर हाथी भाग तो गया, लेकिन इस दौरान चतुर सिंह बुरी तरह चोटिल हो गए। उनके हाथ व पांव में काफी चोटें आईं। किसी तरह जख्मी निगम कर्मी को टनकपुर अस्पताल लाया गया। इलाज के बाद चतुर सिंह की हालत में सुधार हुआ। बताया गया कि यह हाथी अपने झुंड से बिछुड़ गया था, जिस कारण वह हमलावर हो गया।



