बगवाल मेले का श्रीगणेश…12 दिन तक चलेगा

आस्था, पौराणिक परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर का समागम है बगवाल मेला:DM मनीष कुमार
देवीधुरा के मां बाराही धाम में 9 अगस्त को होगी बगवाल, कलश यात्रा निकाली, छोलिया नृत्य ने बांधा समा
देवभूमि टुडे
चंपावत/देवीधुरा। मां बाराही धाम देवीधुरा में ऐतिहासिक और पौराणिक बगवाल मेले का शुभारंभ हो गया है। खराब मौसम के बीच 5 अगस्त को 12 दिनी मेले का श्रीगणेश DM मनीष कुमार ने रिबन काट कर किया। उन्होंने इस धार्मिक मेले को लोक आस्था, पौराणिक परंपराओं, सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक समरसता का एक जीवंत उदाहरण बताया। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के अनुरूप धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ क्षेत्र की आर्थिकी और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी मजबूती मिल रही है। सांगी पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठान का भी श्रीगणेश हुआ। काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां बाराही के दरबार में शीश नवाजा।
DM ने 16 अगस्त तक चलने वाले मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, पेयजल, रैन बसेरा, शौचालय सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र को विभिन्न सेक्टरों में बांटा गया है और हर सेक्टर के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। चिकित्सा सुविधा देते के लिए हड्डी रोग सहित विशेषज्ञों की टीम भी तैनात की गई है। VIP आगंतुकों की सुविधाओं के लिए पृथक आवाजाही व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मंदिर समिति ने DM को स्मृति चिन्ह और अभिनंदन पत्र भेंट किया। उन्होंने मां वाराही देवी की पूजा-अर्चना भी की। उद्घाटन मौके पर पारंपरिक छोलिया नृत्य और कलश यात्रा भी निकाली गई। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।
बगवाल मेले के लिए मां वाराही धाम मंदिर को फूलों से सजाया गया है। मेले का मुख्य आकर्षण फूल और फलों से होने वाली बगवाल रक्षाबंधन के दिन 9 अगस्त को खेली जाएगी। बगवाल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि होंगे।
मां वारही देवी मंदिर के मीठा आचार्य पंडित कीर्तिबल्लभ जोशी के संचालन में हुए कार्यक्रम में पाटी की SDM नीतू डांगर, चंपावत के CO शिवराज सिंह राणा, जिला पंचायत के AMA कमलेश बिष्ट, लडवाल फाउंडेशन के चेयरमैन नरेंद्र सिंह लडवाल, मंदिर समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, रोशन सिंह लमगड़िया, हयात सिंह बिष्ट, खीम सिंह लमगड़िया, गहरवाल खाम के त्रिलोक सिंह बिष्ट, लमगड़िया खाम के वीरेंद्र लमगड़िया, चम्याल खाम के बिशन सिंह चम्याल, दीपक चम्याल, BDC सदस्य ईश्वर सिंह, ग्राम प्रधान राजू बिष्ट, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, UPCL के EE विजय सकारिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत, DDMO देवेंद्र सिंह पटवाल, दुग्ध संघ के प्रबंधक पुष्कर सिंह नगरकोटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक मौजूद थे।

error: Content is protected !!