संविधान बचाओ रैली पर कांग्रेस पर निशाना…प्रस्तावना तक बदलने वाले जप रहे संविधान की माला

चंपावत में भाजपा प्रदेश मंत्री और रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा की पत्रकार वार्ता
दी नसीहत- संविधान बचाओ रैली नहीं, पार्टी बचाओ रैली निकालें कांग्रेस
देवभूमि टुडे
चंपावत। भाजपा प्रदेश मंत्री, रुद्रपुर के मेयर और चंपावत के पार्टी के जिला प्रभारी विकास शर्मा ने कहा कि संविधान की सर्वाधिक अवमानना कांग्रेस ने की है। वर्ष 1951 में संविधान का पहला संशोधन करके अभियक्ति की आजादी को कुचलने की कोशिश पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने ही की थी। पार्टी के जिला कार्यालय में 29 अप्रैल को हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ही शासन के दौरान संविधान से सर्वाधिक छेड़छाड़ में हुई। राज्यों में बेवजह 80 से अधिक बार राष्ट्रपति शासन लगाने से लेकर 1975 में लगाई गई इमरजेंसी तक कांग्रेस ने संविधान को ताख पर रखने में कहीं कोई कसर नहीं रखी।
राजीव गांधी सरकार के कार्यकाल में शाहबानो केस में सुप्रीम कोर्ट का फैसला बदलने के लिए 1985 में संविधान संशोधन किया गया। डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में भी कई संशोधन हुए। संविधान की आत्मा कहे जाने वाले प्रस्तावना तक को बदल देने वाले अब संविधान की माला जप रहे हैं। भाजपा प्रदेश मंत्री शर्मा ने कहा कि आज मोदी सरकार इन असीमित अधिकारों को कम करने का प्रयास कर रही है, जिससे कांग्रेस बेचैन हो रही है। भाजपा पर संविधान बदलने का आरोप लगाने वाले कांग्रेसियों को यह जान लेना चाहिए कि जनसंघ और भाजपा की स्थापना ही संविधान को लागू करने के लिए हुई थी। एक विधान एक निशान के नारे के साथ जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान हुआ। भाजपा संविधान की धाराओं की मूल भावनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने का काम कर रही है और कांग्रेस के मंसूबों को जनता के सामने ला रही है। दूसरी तरफ कांग्रेस ने कभी भी देश में पूर्ण लोकतंत्र लागू नहीं होने दिया। आज कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए संविधान को लेकर जनता को बरगलाने की कोशिश की जा रही है। जनता आगे भी कांग्रेस की नौटंकी का करारा जवाब देगी। भाजपा प्रदेश मंत्री ने कांग्रेस की देहरादून में 30 अप्रैल को प्रस्तावित संविधान बचाओ रैली को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस को संविधान की चिंता छोड़ अपनी पार्टी की फिक्र करने की नसीहत दी है। विकास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को संविधान बचाओ रैली निकालने के बजाय कांग्रेस बचाओ रैली निकालनी चाहिए।
मौजूद थे पार्टी के ये नेता: सह मीडिया प्रभारी सूरज प्रहरी के संचालन में हुए कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, , मोहन अधिकारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादुर सिंह फर्त्याल, वरिष्ठ नेता सतीश पांडेय, एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, हरीश पांडेय, सभासद प्रेमा चिल्कोटी, दिलीप सिंह महर, सुनील पुनेठा, प्रकाश बिनवाल, सनी वर्मा, राजू गड़कोटी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गौरव पांडेय, महेश जोशी, मोहन भट्ट, विकास गिरी, हरीश जोशी आदि।

error: Content is protected !!