

भारत-नेपाल सीमा पर निर्माणाधीन मार्ग का किया निरीक्षण
DM व SP ने दी सुरक्षा बंदोबस्त की जानकारी
देवभूमि टुडे
चंपावत/बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा स्थित भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में निर्माणाधीन नेपाली सूखा बंदरगाह (ड्रायपोर्ट) तक पहुंचने वाले फोरलेन मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण स्थल पर अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण की गुणवत्ता एवं समयसीमा के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए। 11 मई की शाम बनबसा पहुंचे मुख्यमंत्री ने एसएसबी 57वीं वाहिनी चौकी में जवानों से मुलाकात करने के बाद सूख बंदरगाह तक बन रहे मार्ग का निरीक्षण किया। कहा कि यह परियोजना भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय व्यापार और आवागमन की दृष्टि से और अधिक सशक्त बनाएगी। बनबसा से नेपाल सीमा तक बनने वाला यह मार्ग रणनीतिक, व्यापारिक और सामरिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण इस मार्ग का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ( NHAI) कर रही है। इस परियोजना के लिए NHAI को 7.28 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है। कुल 3.06 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन मार्ग के निर्माण के लिए प्रारंभिक रूप से 177 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई थी। लेकिन भौगोलिक एवं तकनीकी कारणों से अनुमानित लागत में 80 करोड़ रुपये की वृद्धि संभावित है। मार्च 2023 में शुरू निर्माण कार्य को पूरा करने का लक्ष्य 2024 था, लेकिन अब यह परियोजना 2027 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस मार्ग में एक फ्लाईओवर, एक बड़ा पुल और दो छोटे पुलों का निर्माण प्रस्तावित है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री को DM नवनीत पांडे और SP अजय गणपति ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए गए कार्यों की जानकारी दी। बताया कि जिले के अस्पतालों में पर्याप्त दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। SP ने बताया कि पुलिस SSB के साथ सामंजस्य बनाकर सीमावर्ती इलाकों में गश्त करने के साथ सघन निगरानी रख रही है। सोशल मीडिया के साथ अवांछित गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
कार्यकर्ताओं ने किया CM का स्वागत
रविववार को बनबसा पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। हेलीपैड में घंटों से कार्यकर्ता CM के स्वागत के लिए खड़े थे। भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने CM धामी को पुष्प गुच्छ भेंट किए। मुख्यमंत्री ने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगोंं ने ज्ञापन भी सौंपे।





