
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर में विकास योजनाओं की सौगात दी
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 5 ई-रिक्शा की चाभियां सौंपी
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकास की तेज रफ्तार से आदर्श चम्पावत की परिकल्पना को पंख लग रहे हैं। आज 6 अक्टूबर को टनकपुर में हुए कार्यक्रम में उन्होंने 3630.89 लाख रुपये की लागत की 15 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 938.33 लाख रुपये की लागत वाली कुल 9 योजनाओं का लोकार्पण और 2692.56 लाख रुपये की लागत वाली 6 योजनाओं का शिलान्यास किया। सीएम ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से शिक्षा, पेयजल, कानून व्यवस्था, पर्यटन और जनजातीय कल्याण जैसे क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रीप परियोजना के अंतर्गत प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 5 ई-रिक्शा की चाभियां सौंपी।
आत्म निर्भर उत्तराखंड की अग्रदूत बनें महिलाएं: CM धामी
चंपावत/टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टनकपुर के छीनीगोठ में आयोजित मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव में शामिल हो महिलाओं के आत्मविश्वास, उद्यमशीलता और पारंपरिक कौशल का उत्सव मनाया। पारंपरिक लोक संगीत और सांस्कृतिक उल्लासा से भरे इस आयोजन में महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर मुख्यमंत्री का ढोल-दामऊ और छोलिया नृत्य के साथ स्वागत किया। महिलाओं को उपहार भी बांटे। स्कूली बच्चों ने बैंड वादन से वातावरण को ऊर्जावान बनाया। सीएम ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से ही विकसित उत्तराखंड का सपना साकार होगा। सरकार महिलाओं को केवल सहयोग ही नहीं दे रही है, बल्कि उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिला समूहों को सामूहिक उद्यमों, उत्पाद निर्माण, परिवहन सेवाओं और हस्तशिल्प क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए हर संभव वित्तीय, तकनीकी और विपणन सहयोग प्रदान कर रही है। उत्सव स्थल पर लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन भी किया गया। सीएम ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महालक्ष्मी किटस भी वितरित किए।
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुडिय़ा, पूरन महर, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवाड़, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, जिला पंचायत सदस्य सरस्वती चंद, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, बनबसा नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी सहित बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि और अन्य लोग मौजूद थे।
इन योजनाओं का हुआ लोकार्पण:
1.टनकपुर सीएम कैंप कार्यालय में स्टोर कक्ष, मीटिंग हॉल, अतिथि विश्राम कक्ष तथा साज-सज्जा। (लागत 45 लाख रुपये)
2.राजकीय प्राइमरी पाठशाला व जूनियर हाईस्कूल फागपुर की स्मार्ट कक्षाओं में रूपांतरण व आधुनिकीकरण। (लागत 76.40 लाख रुपये)
3.राजकीय प्राथमिक विद्यालय भजनपुर के भवन का पुर्ननिर्माण। (74.50 लाख)
4.भैंसियाखाल पंपिंग पेयजल योजना। (136.77 लाख)
5.बिचाई पंपिंग पेयजल योजना। (182.61 लाख)
6.टनकपुर में सिटी कंट्रोल रूम की स्थापना एवं यातायात व्यवस्था सुधारीकरण। (239.05 लाख)
7.टनकपुर पर्यटक आवास गृह के अवशेष कक्ष एवं हॉल का उच्चीकरण। (68 लाख)
8.एनएचपीसी बनबसा टनकपुर पावर स्टेशन मुख्य गेट से पाटनी तिराहा बनबसा तक सड़क मरम्मत। (100 लाख)
9.डेविड पेंटर स्कूल गुदमी में दो कक्षों का निर्माण। (16 लाख)
इन योजनाओं का हुआ शिलान्यास:
1.राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में परीक्षा हॉल का निर्माण। (826.99 लाख)
2.लादीगाड़ श्री पूर्णागिरी पंपिंग पेयजल योजना। (811.70 लाख)
3.ठुलीगाड़/बावलीगाड़ पंपिंग पेयजल योजना। (712.87 लाख)
4.खिरद्वारी में बहुउद्देशीय भवन निर्माण। (60 लाख)
5.प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनबसा में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना। (50 लाख)
6.ग्राम चूका टनकपुर में शेड का निर्माण। (231 लाख)














