
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुदमी क्षेत्र में लैंड पोर्ट परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया
कहा-बनबसा में 500 करोड़ रुपये की आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना से खुलेगा व्यापार और रोजगार का द्वार
देवभूमि टुडे
चंपावत/बनबसा/टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा स्थित गुदमी क्षेत्र में LPAI (लैंड पोर्टस अथॉरिटी ऑफ इंडिया) द्वारा लगभग 500 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाली आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना का आज 24 अक्टूबर को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना भारत-नेपाल के बीच सहयोग, व्यापार और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास में मददगार होगी। बताया कि भारत सरकार की लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया इस महत्वाकांक्षी परियोजना को उत्तराखंड सरकार के सहयोग से तेज़ी से आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के लिए इस वर्ष पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने 84 एकड़ वन भूमि को अंतिम स्वीकृति दे दी थी। जिसके बाद परियोजना के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया गया है। CM ने कहा कि करीब 500 करोड़ रुपये से बनने जा रहा यह आधुनिक लैंड पोर्ट भारत और नेपाल के बीच व्यापार एवं यात्री आवागमन के लिए समेकित, सुविधाजनक और सुरक्षित प्रणाली विकसित करेगा। यहां कस्टम, सुरक्षा, व्यापार एवं सीमा से जुड़ी सभी प्रमुख एजेंसियां एक ही परिसर में काम करेंगी, जिससे सीमा प्रबंधन में तेजी के साथ पारदर्शिता आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना अवसंरचना निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीमांत क्षेत्रों के आर्थिक परिदृश्य को बदलने का जरिया बनेगी। उन्होंने कहा कि रणनीतिक रूप से स्थित बनबसा लैंड पोर्ट सीमा पार व्यापार को भी सशक्त बनाएगा। कृषि व औद्योगिक उत्पादों के लिए एक औपचारिक प्रवेशद्वार तैयार करेगा और स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर उत्पन्न करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लैंड पोर्ट के जरिए किसानों और छोटे उत्पादकों को सीमा पार बाजारों तक सीधी पहुंच के साथ परिवहन लागत घटेगी और उत्पादों का मूल्य संवर्धन संभव होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल भारत और नेपाल के आपसी संबंधों को और मजबूत करेगी, जिससे पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पारस्परिक सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। सीएम धामी ने कहा कि यह परियोजना भारत सरकार की क्षेत्रीय एकीकरण की दृष्टि और सुरक्षित, सतत सीमा विकास नीति के अनुरूप है। उन्होंने बताया कि LPAI द्वारा डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसके जरिए ऐसा पर्यावरण-अनुकूल मॉडल तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भारत सरकार, भूमि पोर्ट प्राधिकरण और राज्य के सभी विभागों, एजेंसियों को आपसी समन्वय से कार्य करने की बात कही, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र हो सके। उन्होंने कहा कि बनबसा लैंड पोर्ट परियोजना उत्तराखंड की सीमाओं को समृद्धि, सहयोग और अवसरों की नई पहचान देगी।
मौजूद थे ये लोग:
भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, उत्तराखंड वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्याम नारायण पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, चंपावत की ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, टनकपुर के चेयरमैन विपिन कुमार, बनबसा की अध्यक्ष रेखा देवी, लोहाघाट गोविंद वर्मा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार व प्रकाश तिवारी, भाजपा प्रदेश मंत्री हेमा जोशी, पूर्व दर्जा मंत्री शिवराज सिंह कठायत, DM मनीष कुमार, SP अजय गणपति, CDI डॉ. जीएस खाती, ADM कृष्णनाथ गोस्वामी, टनकपुर के SDM आकाश जोशी, BDO अशोक अधिकारी सहित कई जन प्रतिनिधि और नागरिक।





