चंपावत के ले.कर्नल बिष्ट वीर चक्र से नवाजे जाएंगे

वर्तमान में ऊधमपुर में तैनात हैं लेफ्टिनेंट कर्नल सुशील बिष्ट
ऑपरेशन सिंदूर में बहादुरी और साहस दिखाने के लिए दिया जा रहा है वीर चक्र, अगले गणतंत्र दिवस में मिलेगा सम्मान
देवभूमि टुडे
चंपावत/देहरादून/दिल्ली। चंपावत जिले से ताल्लुक रखने वाले एक सैन्य अधिकारी को ऑपरेशन सिंदूर में बहादुरी और साहस दिखाने के लिए वीर चक्र से नवाजा जाएगा। उनके अलावा भारतीय सेना के 3 अधिकारियों व जवानों को गैलेंट्री अवॉर्ड देने का स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को ये ऐलान हुआ था। इन सभी सैन्य जवानों ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत अदम्य बहादुरी दिखाई थी। परमवीर चक्र और महावीर चक्र के बाद यह तीसरा सबसे बड़ा पुरस्कार है।
चंपावत जिले के रहने वाले लेफ्टिनेंट कर्नल सुशील बिष्ट को वीर चक्र से सम्मानित किया जाएगा। वर्तमान में वे जम्मू कश्मीर के ऊधमपुर में आर्टिलरी में तैनात हैं। लेफ्टिनेंट कर्नल सुशील बिष्ट के पिता सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जीबी बिष्ट ने बताया कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल बिष्ट छुट्टी में चंपावत आए थे। हमले की जानकारी मिलने के बाद वे तुरंत वापस ऊधमपुर गए और बाद में उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में मोर्चा संभाला। लेफ्टिनेंट कर्नल बिष्ट को वीर चक्र दिए जाने के ऐलान से क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है। हल्द्वानी से इंटर करने वाले बिष्ट 2010 में सेना में कमीशन अधिकारी बने। लेफ्टिनेंट कर्नल बिष्ट के अलावा कर्नल कोशांक लांबा, 4 डोगरा के नायक सूबेदार सतीश कुमार और जम्मू कश्मीर के लाइट इंफेंट्री के राइफलमैन सुनील कुमार को भी वीर चक्र से नवाजा जाएगा।

परिवार संग ले. कर्नल सुशील बिष्ट।
error: Content is protected !!