CBI जांच की संस्तुति…BJP ने CM का आभार जताया

चंपावत मोटर स्टेशन में BJP कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का आभार जताया, कहा सरकार हर हाल में युवाओं के साथ
21 सितंबर को हुई थी UKSSSC की स्नातक स्तरीय परीक्षा
देवभूमि टुडे
चंपावत। UKSSSC (उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग) की 21 सितंबर को हुई स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक नहीं हुआ, महज एक परीक्षा केंद्र में नकल हुई है, के शुरुआती दावे के बाद अब BJP के स्वर बदल गए हैं। कल 29 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परीक्षा प्रकरण के आरोपों की CBI जांच की संस्तुति की थी। आज चंपावत मोटर स्टेशन में BJP कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक मामले में CBI की संस्तुति के बाद मुख्यमंत्री का आभार जताया है। साथ ही कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार हर हाल में युवाओं के साथ खड़ी है।
BJYM जिलाध्यक्ष गौरव पांडेय के नेतृत्व में 30 सितंबर को मोटर स्टेशन में कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक मामले में CBI जांच की संस्तुति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है। कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के साथ है। किसी भी भर्ती में कोई गड़बड़ी नहीं होने होने दी जाएगी। सभी भर्तियां निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से कराई जाएंगी। कहा कि नकल विरोध कानून इसी लिए बनाया गया है कि किसी भी बच्चे के भविष्य के साथ खिलवाड़ ना हो।
21 सितंबर की स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों से गुस्साए नौजवान देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में आंदोलन कर रहे थे। युवा पूरे मामले की CBI जांच की मांग कर रहे थे। सरकार इससे लगातार इनकार कर रही थी। साथ ही पेपर लीक के आरोप को नकार रही भी, मगर युवाओं के आंदोलन के दबाव में उसे 29 सितंबर को झुकना पड़ा।
अलबत्ता आज मंगलवार चंपावत में तमाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है। इस मौके पर उत्तराखंड वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्याम नारायण पांडेय, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, वरिष्ठ नेता एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, BJP प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, सभासद प्रेमा चिल्कोटी, मणिप्रभा तिवारी, नंदन तड़ागी, मनमोहन बोहरा, प्रकाश पांडे, पुष्पा ओझा, शैलेश बोहरा, राकेश बोहरा आदि मौजूद थे।

.

error: Content is protected !!