
बनबसा के शारदा बैराज क्षेत्र की घटना, महिला की फिलहाल शिनाख्त नहीं लेकिन पहनावे से नेपाली मूल की होने का अंदाज
देवभूमि टुडे
चंपावत/बनबसा। बनबसा शारदा बैराज पुलिस चौकी क्षेत्र में एक अनजान महिला ने शारदा नदी में छलांग लगा दी। पुलिस के गोताखोरों ने फौरन नदी में कूद कर महिला को निकाला और टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन वहां पहुंचने से पूर्व महिला की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक नेपाली मूल की एक महिला ने आज 19 सितंबर को शारदा नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस के गोताखोर मौके पर पहुंचे और उन्होंने रेस्क्यू कर महिला को नदी से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। महिला ने छलांग लगाई? इसका पता नहीं चल सका है। साथ ही महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। अलबत्ता पुलिस के मुताबिक महिला की उम्र 30 से 32 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। कपड़ों के पहनावे से नेपाली मूल की लग रही है। महिला के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिलने से उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। नेपाल पुलिस की मदद से महिला के परिजनों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

