
सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदनी के पास मैजिक वाहन डिवाइडर से टकरा सड़क पर पलटा
गंभीर रूप से घायल 2 यात्रियों को हायर सेंटर रेफर हादसे के बाद मौके से फरार हुआ आरोपित मैक्सी कैब चालक
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदनी के पास एक मैजिक वाहन बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा कर सड़क पर पलट गया। हादसे में 15 यात्री चोटिल हो गए। जिन्हें खटीमा और टनकपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल 2 यात्रियों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद चालक फरार है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया है।
जानकारी के अनुसार सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज 23 अक्टूबर को चंदनी बनबसा के निकट मैजिक वाहन संख्या (यूके 06 टीए 3322) टनकपुर से यात्रियों को लेकर खटीमा जा रहा था। तभी बनबसा चंदनी के पास टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और सड़क पर पलट गया। एक ही परिवार के 4 (टनकपुर मनिहारगोठ निवासी मीना देवी (30) पत्नी किशन राम, शांति देवी (38) पत्नी केशव राम, पीयूष (8) और आयुष (6) पुत्र किशन राम) लोग चोटिल हो गए। सभी चारों घायलों को 108 सेवा की एंबुलेंस से टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया। डॉ. मोहम्मद उमर ने बताया कि दोनों किशोर को मामूली चोटें आई है और इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि शांति देवी के सिर और मीना देवी के कमर में चोट है।
घायल मनोज शर्मा पुत्र स्वर्गीय प्रेम बहादुर निवासी पीलीभीत, प्रीति शर्मा पत्नी मनोज शर्मा (30), एकता शर्मा पुत्री अजय शर्मा निवासी हनुमान मंदिर खटीमा, काव्या शर्मा पुत्री मनोज शर्मा (12), प्रियांश शर्मा पुत्र मनोज शर्मा (9), युवराज पुत्र योगेश निवासी मनिहारगोठ टनकपुर (9), विमला बिष्ट पत्नी प्रदीप जग्गी निवासी बिंदुखत्ता लालकुआं (38), अंबिका बिष्ट पत्नी चंदन बिष्ट निवासी मनिहारगोठ टनकपुर (35), प्रिंस पुत्र चंदन बिष्ट (4), रूही बिष्ट पुत्री चंदन सिंह (10), पाखी जग्गी पुत्र प्रदीप जग्गी को बनबसा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रूही बिष्ट व प्रिंस को बरेली रेफर किया गया है।




