
चंपावत जिले में टनकपुर और बनबसा में बनाए गए हैं धान क्रय केंद्र
दोनों केंद्रों में मिलेगी किसानों को सभी जरूरी सुविधाएं
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले में धान क्रय करने के लिए मैदानी क्षेत्र में दो केंद्र बनाए गए हैं। चंपावत के एआर (जिला सहायक निबंधक) प्रेम प्रकाश ने बताया कि पहला क्रय केंद्र टनकपुर मंडी परिसर में और दूसरा बनबसा में बनाया गया है। खरीद के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। धान क्रय केंद्र पहली अक्टूबर से खोल दिए गए हैं, लेकिन फिलहाल एक भी किसान इन केंद्रों तक नहीं पहुंचे हैं। एआर प्रेम प्रकाश ने बताया कि इस साल के लिए सामान्य धान के लिए 2369 रुपये और ग्रेड-ए धान के लिए 2389 रुपये कुंतल की सरकारी दर है। वहीं जिला प्रशासन ने किसानों की सहूलियत, व्यवस्था को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत किया है। इसके लिए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
डीएम मनीष कुमार ने 2025-26 में धान खरीद करने वाले किसानों को सभी जरूरी सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रभावी इंतजााम किए जा रहे हैं। इस पर राजस्व विभाग निगरानी रखेगा। टनकपुर तहसील क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक किशन नाथ को वरिष्ठ विपणन अधिकारी कार्यालय और राजस्व उप निरीक्षक राकेश चंद्र पंगरिया को मंडी समिति कार्यालय टनकपुर की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि बनबसा के लिए राजस्व निरीक्षक सुशील सिंह और राजस्व निरीक्षक ललित प्रसाद को धान क्रय केंद्र में तैनात किया गया है। इसके अलावा केंद्रों की निगरानी एवं सुचारू संचालन के लिए केंद्र प्रभारियों की भी नियुक्ति की गई है। वरिष्ठ विपणन अधिकारी, टनकपुर अपने कार्यालय का पर्यवेक्षण करेंगे। धान क्रय केंद्र, मंडी समिति टनकपुर के प्रभारी के रूप में कीर्ति चंद्र जोशी और धान क्रय केंद्र बनबसा के प्रभारी के रूप में सौरभ गहतोड़ी को जिम्मा दिया गया है। डीएम मनीष कुमार ने किसानों को असुविधाओं से बचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

