
गुमदेश विकास संघर्ष समिति ने 2 दिन पूर्व SDM कार्यालय में ज्ञापन सौंप संचालन करवाने की मांग की
खतौनी के लिए लोहाघाट तहसील की दौड़ लगाने को मजबूर ग्रामीण
देवभूमि टुडे
चंपावत/गुमदेश। नेपाल सीमा से लगी गुमदेश उप तहसील में पिछले करीब 2 माह से कामकाज ठप है। ऐसा क्षेत्र के लोगों का आरोप है। ग्रामीणों ने इसे लेकर सोमवार को SDM कार्यालय में ज्ञापन भी सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि बीते 2 माह से उप तहसील से खतौनी निर्गत नहीं हो रही है। इससे लोगों को दुश्वारी हो रही है।
करीब 3 साल पूर्व खुली गुमदेश उप तहसील से लोहाघाट क्षेत्र की 44 ग्राम पंचायतों के 96 राजस्व गांवों की 35 हजार की आबादी सीधे तौर पर लाभांवित हो रही थी। लेकिन पिछले 2 माह से कार्य संचालन बाधित है। गुमदेश विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी ने बताया कि बीते 2 माह से उप तहसील में 2 गार्ड के अलावा कोई अन्य कर्मी नहीं है। कर्मचारियों की कमी से उप तहसील में खतौनी निर्गत होने का काम भी नहीं हो पा रहा है। इसके लिए ग्रामीणों को लोहाघाट तहसील की दौड़ लगानी पड़ रही है। ज्ञापन में गुमदेश विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी, BDC सदस्य निर्मल नाथ, अंकित कुमार, रामू धौनी, प्रकाश सिंह धामी, बबीता, ग्राम प्रधान जयंती देवी, पवन भट्ट आदि के हस्ताक्षर हैं।
उधर लोहाघाट की SDM नीतू डांगर का दावा है कि उप तहसील से खतौनी बनाई जा रही है। साथ ही पटवारी व कानूनगो की भी तैनाती की गई है। वहीं DM मनीष कुमार का कहना है कि मामले को दिखवा कर सुनिश्चित किया जाएगा कि उप तहसील में सभी जरूरी कार्य हो।


