
चंपावत में विकास चौधरी बने अध्यक्ष, निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए सभी पदाधिकारी
अमोड़ी महाविद्यालय में दो पदों के लिए हुआ मतदान, अंजली बनी अध्यक्ष
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत के सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर में अध्यक्ष पद पर ABVP के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय लोहाघाट, बनबसा, देवीधुरा में भी अध्यक्ष पद पर ABVP समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई है। टनकपुर महाविद्यालय में NSUI समर्थित प्रत्याशी विजयी रहे। जिले के 7 में से 3 महाविद्यालयों में विभिन्न पदों के लिए चुनाव हुए। जबकि 3 महाविद्यालयों में सभी पदों के लिए एक-एक नामांकन होने से चुनाव की नौबत नहीं आई। राजकीय महाविद्यालय पाटी में चुनाव प्रकिया के बगैर ही निर्विरोध कार्यकारणी चुनी गई।
टनकपुर महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर NSUI समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए हैं। अध्यक्ष पद पर NSUI के राजेंद्र प्रसाद कोहली उर्फ़ राजा ने ABVP के मनीष सिंह बिष्ट को 24 मतों से हराया। राजेंद्र को 365 और मनीष को 341 मत पड़े। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, कला संकाय प्रतिनिधि एवं वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर एक-एक नामांकन होने से प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित किया गया। 27 सितंबर की सुबह 8 बजे से अपराह 1 बजे तक मतदान हुआ। कुल 1010 में से 743 विद्यार्थियों ने वोट डाले। उपाध्यक्ष पद पर पवन सिंह ने दीपांशु कुंवर को 77 मतों से हराया। दीपांशु कुंवर को 314 पवन सिंह को 391 मत मिले। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर मानसी ने मनीषा जोशी को 69 मतों से हराया। मनीषा जोशी को 362 और मानसी को 293 मत पड़े। संयुक्त सचिव पद पर दीप्ति पंत ने पायल बिष्ट को 66 मतों से हराया। दीप्ति को 365 और पायल को 299 मत पड़े। कोषाध्यक्ष पद पर उमंग जोशी ने पूर्णिमा को 68 मतों से हराया। उमंग को 327 और पूर्णिमा को 259 मत पड़े। सचिव पद पर निवेश तिवारी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अमित चंद, कला संकाय प्रतिनिधि पद पर सुमित मौर्य, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर पवन जोशी निर्विरोध चुने गए। चुनाव अधिकारी डॉ. पंकज उप्रेती ने विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की। प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी ने विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई।
लोहाघाट में ABVP का वर्चस्व बरकरार
लोहाघाट। लोहाघाट स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुए छात्रसंघ चुनाव में ABVP ने वर्चस्व बरकरार रखा। मतगणना के बाद प्राचार्य डॉ. संगीता गुप्ता और छात्र संघ निर्वाचन अधिकारी डॉ. नीरज कांडपाल ने नतीजो की घोषणा की। ABVP के शिखर वर्मा ने 760 मत प्राप्त कर NSUI के राहुल 243 मतों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर ABVP के पंकज जोशी ने 786 मतों के साथ जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंदी नितिन देव को 203 मत मिले। सचिव पद पर ABVP के हिमांशु रजवार ने 766 मत और शिखा वर्मा को 235 मत प्राप्त हुए। संयुक्त सचिव पद पर ABVP के योगेश कुमार ने 769 मतों के साथ जीत हासिल की। जबकि अजय गिरी को 219 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर ABVP के राहुल सिंह बिष्ट ने 812 मत प्राप्त कर विजय बिष्ट को 206 मतों से हराया। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर ABVP के मुकेश कुमार ने 751 मतों के साथ राहुल सामंत को 247 मतों से हराया। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर नीलम चंद, कला संकाय प्रतिनिधि हिमानी गहतोड़ी, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि नमन गड़कोटी और सांस्कृतिक सचिव पद पर अग्रिमा पुनेठा को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। सभी विजयी प्रत्याशियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।इस अवसर पर डॉ. लता कैड़ा, डॉ. अभिषेक पंत, डॉ. वंदना चंद, डॉ. स्वाति कांडपाल, डॉ. भगत राम लोहिया आदि मौजूद थे। जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और आतिशबाजी की।
देवीधुरा महाविद्यालय में लक्ष्मी महंत के सिर सजा ताज
देवीधुरा। राजकीय आदर्श महाविद्यालय देवीधुरा में सभी पदों पर ABVP का कब्जा हो गया है। अध्यक्ष सहित सभी पदों पर एक-एक नामांकन होने से प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। प्राचार्य डॉ. गीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। छात्रसंघ चुनाव अधिकारी डॉ. दीपक जोशी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर लक्ष्मी महंत, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर बबीता राणा, उपाध्यक्ष पद पर ललिता जोशी, सचिव पद पर गीतांजलि जोशी, कोषाध्यक्ष पद पर हिमानी बिष्ट, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर सूरज देव को शपथ दिलाई गई।
चंपावत के सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर में अध्यक्ष सहित विश्विविद्यालय प्रतिनिधि एवं सांस्कृतिक सचिव पदों पर अखिल ABVP तथा शेष पदों पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते। छात्रसंघ चुनाव अधिकारी प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई। अध्यक्ष पद पर ABVP के विकास चौधरी, उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय हिमांशु कार्की, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीया गोस्वामी, सचिव पद पर निर्दलीय संजय टम्टा, कोषाध्यक्ष पद पर निर्दलीय हिमांशु सिंह बोहरा, सांस्कृतिक सचिव पद पर ABVP के अनुज गहतोड़ी, विश्व विद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी के आयुष महर, कला संकाय पद पर निर्दल दीपा को जीत का प्रमाणपत्र दिया गया। यहां संयुक्त सचिव एवं विज्ञान व वाणिज्य संकाय पद पर किसी ने भी नामांकन नहीं कराया।
राजकीय महाविद्यालय अमोड़ी में अध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए चुनाव हुए। अध्यक्ष पद पर अंजली ने अपने प्रतिद्वंदी मोहित सिंह बोहरा को पराजित कर दिया। अंजली को 99 तथा मोहित सिंह को 53 वोट पड़े। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि में आयुष चौहान विजयी रहे। आयुष को 78 तथा उनके प्रतिद्वंदी गीता भट्ट को 71 वोट मिले। यहां छात्रा उपाध्यक्ष पद पर भागीरथी भट्ट, सचिव पद पर निर्मला, संयुक्त सचिव पद पर नेहा, कोषाध्यक्ष पद पर रेखा जोशी, कला संकाय प्रतिनिधि पद पर कमला जोशी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर आयुष चौहान निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। प्राचार्या डॉ. अजिता दीक्षित की अध्यक्षता में हुए चुनाव में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं।
बनबसा में गायत्री बनी अध्यक्ष, निर्वरोिध हुआ निर्वाचन
बनबसा। राजकीय महाविद्यालय बनबसा में अध्यक्ष सहित सभी पदों में ABVPका कब्जा रहा। सभी पदों के लिए एक-एक नामांकन होने से यहां भी वेटिंग नहीं हुई। शनिवार को पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। प्राचार्य डॉ. आनंद प्रकाश सिंह ने विजयी छात्रों को शुभकामनाएं दीं। छात्रसंघ चुनाव अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार के मुताबिक अध्यक्ष पद पर गायत्री, उपाध्यक्ष पद पर विशाल चंद, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कोमल पंत, सचिव पद पर हेमा जोशी, कोषाध्यक्ष पद पर रोहित जोशी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तनुजा सिंह को शपथ दिलाई गई। संयुक्त सचिव एवं सांस्कृतिक सचिव पद पर कोई नामांकन नहीं हुआ।




