
देहरादून में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने किया सम्मानित
उच्च प्राथमिक विद्यालय पासम के प्रभारी प्रधानाध्यापक हैं नरेश चंद्र जोशी
देवभूमि टुडे
चंपावन/देहरादून। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पासम लोहाघाट के प्रभारी प्रधानाध्यापक नरेश चंद्र जोशी को शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आज शिक्षक दिवस को देहरादून में यह सम्मान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदान किया। इस मौके पर शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत भी मौजूद थे। पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र दिया गया है। इसके अलावा 2 वर्ष का सेवा विस्तार भी दिया जाता है।
वर्ष 2009 में शिक्षक बने नरेश जोशी 2017 से नेपाल सीमा से लगे पासम स्कूल में सेवारत हैं। उनके प्रयासों से स्कूल में छात्रों की संख्या 23 से बढ़कर 2025–26 में 52 पहुँच गई। उन्होंने इस वर्ष भी 20 नए प्रवेश कराकर पर्वतीय क्षेत्र में रिकॉर्ड बनाया। शिक्षक जोशी ने बालिका शिक्षा, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर शिक्षा को बढ़ावा दिया। ग्रामीणों और SSB की मदद से विद्यालय में खेल मैदान, पेयजल लाइन, बालिका शौचालय, प्रोजेक्टर, पुस्तकें जैसी सुविधाएं विकसित की। जिला विज्ञान समन्वयक के रूप में भी वे विज्ञान महोत्सव और इंसपायर अवार्ड आदि वैज्ञानिक गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं। साक्षर भारत कार्यक्रम, शिक्षक प्रशिक्षण एवं विभागीय तकनीकी कार्यों में भी उन्होंने उल्लेखनीय योगदान दिया है।दूरस्थ क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने और निरंतर नामांकन वृद्धि के लिए उन्हें यह राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ।
मुख्य शिक्षाधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, जिला शिक्षाधिकारी पीएस जंगपांगी, मान सिंह, खंड शिक्षाधिकारी भारत जोशी, राधेश्याम खर्कवाल, घनश्याम भट्ट, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोविंद बोहरा, जगदीश अधिकारी, रमेश देव आदि ने नरेश जोशी को शुभकामनाएं दी हैं।

