उमड़े शिक्षक…दिया धरना किया प्रदर्शन

चंपावत के मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय परिसर में किया प्रदर्शन
पदोन्नति सहित कई मांगों के निस्तारण के लिए 18 अगस्त से आंदोलन कर रहा है राजकीय शिक्षक संघ
शिक्षकों की हड़ताल से प्रभावित हो रही है छात्र- छात्राओं की पढ़ाई देवभूमि टुडे
चंपावत। पदोन्नति सहित कई मांगों को लेकर राजकीय शिक्षक संघ ने आज 27 अगस्त को जिला मुख्यालय चंपावत में जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह अधिकारी की अध्यक्षता और महामंत्री प्रकाश चंद्र उपाध्याय के संचालन में हुई सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पदोनति सहित तमाम वाजिब मांगों की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है। शिक्षक अब इन मांगों को लेकर कतई पीछे नहीं हटेंगे। जल्द मांगों पर सुनवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी गई।
शिक्षकों का कहना है कि लंबित मांगों को लेकर वे कई बार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन शिक्षा विभाग और सरकार कोई सुध नहीं ले रही है। पदोन्नति और तबादलों को लेकर विभाग की इस चुप्पी को नाइंसाफी बताते हुए निर्णायक जंग का ऐलान किया गया।
शिक्षक पदोन्नति सूची जारी करने के अलावा प्रधानाचार्य के पदों पर विभागीय सीधी भर्ती को रद्द करने सहित कई मांगों को लंबे समय से उठा रहे हैं। इसे लेकर 18 अगस्त से चॉकडाउन और कार्य बहिष्कार पर हैं। शिक्षकों की हड़ताल से छात्र- छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
धरना प्रदर्शन करने वालों में सतीश चंद्र जोशी, अनिल कुमार, कल्पना आर्या, नरेंद्र नाथ गोस्वामी, हेमा जोशी, गिरीश चंद्र जोशी, अल्का ओली, चंद्र प्रकाश टम्टा, नवीन चंद्र पांडे, कुंवर सिंह प्रथोली, नवीन चंद्र पंत, शमशाद अली, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद गहतोड़ी, सतीश गहतोड़ी, दीपक अधिकारी, प्रकाश बोहरा, भूपेश जोशी, नवीन बिष्ट, गोविंद मेहता, सामश्रवा आर्य सहित जिलेभर के शिक्षक मौजूद थे।
कल से फिर से होगा चॉकडाउन:
जिला मुख्यालय में आज के धरना प्रदर्शन के बाद कल 28 व 29 अगस्त को पहले की तरह कार्य बहिष्कार व चॉकडाउन होगा। 30 अगस्त से पूर्व प्रभारी प्रधानाचार्यों व प्रधानाध्यापकों द्वारा अतिरिक्त प्रभार नहीं छोड़ने पर उन्हें संगठन से निष्कासित करने की चेतावनी दी गई। 1 सितंबर से निदेशालय में जिलेवार धरना प्रदर्शन शुरू होगा। चंपावत जिले के पदाधिकारी 2 सितंबर को धरना देंगे।

error: Content is protected !!